Mathura News: मथुरा। करवा चौथ के दिन जहां सुहागिनें पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रख रही थीं, वहीं उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक परिवार के भीतर जमकर हंगामा हो गया। थाना हाईवे क्षेत्र की बसंत विहार कॉलोनी में एक पति ने अपनी पत्नी को कथित प्रेमी के साथ पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर विवाद इतना बढ़ा कि परिवार की महिलाओं के बीच भी मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
15 साल पहले हुई थी शादी, चार बच्चे भी हैं
जानकारी के मुताबिक, छटीकरा निवासी मनोज की शादी करीब 15 साल पहले अंजू से हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि करवा चौथ के दिन मनोज को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी अंजू बसंत विहार कॉलोनी में कथित प्रेमी संजय उर्फ गीतम से मिलने पहुंची है। इसके बाद मनोज अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गया, जहां उसने दोनों को एक साथ देख लिया।
देवरानी-जेठानी के बीच जमकर मारपीट
पत्नी को कथित प्रेमी के साथ देखने के बाद मौके पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते परिवार के लोग भी आमने-सामने आ गए। इस दौरान देवरानी और जेठानी के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना के दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस पहुंची तो फरार हुआ कथित प्रेमी
Mathura News: हंगामे की सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही संजय उर्फ गीतम मौके से फरार हो गया। वहीं, पुलिस मनोज और अंजू को अपने साथ थाने ले गई। मनोज ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी चार बच्चों को छोड़कर कथित प्रेमी से मिलने पहुंची थी। पति का यह भी दावा है कि इससे पहले भी पत्नी को कई बार कथित प्रेमी के साथ पकड़ा जा चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का आधिकारिक बयान आना बाकी है।