Kitchen Tips: फ्रिज के फ्रीजर में बर्फ की मोटी परत जमने से सामान रखने की जगह कम हो जाती है और सफाई करना भी मुश्किल हो जाता है। कई लोग इसे हटाने के लिए चाकू या पेचकस जैसी नुकीली चीजों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ऐसा करना खतरनाक हो सकता है। इससे फ्रीजर की अंदरूनी सतह या कूलिंग पाइप को नुकसान पहुंच सकता है। कुछ आसान तरीकों की मदद से बर्फ को सुरक्षित तरीके से हटाया जा सकता है।
नमक और सिरके का घोल करें तैयार
फ्रीजर की बर्फ हटाने के लिए नमक और सिरके का घोल बनाने का तरीका भी बताया जाता है। इसके लिए आधा कप सिरके में एक कप पानी और थोड़ा नमक मिलाकर स्प्रे बोतल में भर लें। हालांकि, यह मिश्रण मोटी बर्फ को तुरंत पिघला देगा, इसकी गारंटी नहीं है। सबसे सुरक्षित तरीका है कि फ्रिज का प्लग निकालकर बर्फ को प्राकृतिक रूप से पिघलने दें ।
गर्म पानी की भाप से ढीली होगी बर्फ
अगर फ्रीजर में बर्फ ज्यादा जम गई है, प्लग निकालने के बाद फ्रीज के अंदर गर्म पानी से भरा एक बर्तन सुरक्षित जगह पर रखा जा सकता है। दरवाजा कुछ देर बंद रखने से भाप बर्फ को ढीला करने में मदद कर सकती है। ध्यान रखें कि पानी उबलता हुआ न हो और उसे सीधे फ्रीजर की दीवारों पर न डालें।
गर्म कपड़े से भी कर सकते हैं सफाई
बर्फ को धीरे-धीरे पिघलाने के लिए गर्म पानी में भिगोया हुआ सूती कपड़ा इस्तेमाल किया जा सकता है। कपड़े को निचोड़कर बर्फ पर रखें और ठंडा होने पर दोबारा गर्म पानी में भिगो लें। बर्फ ढीली होने पर उसे हाथ से या प्लास्टिक के सुरक्षित स्क्रेपर से हटाया जा सकता है।
हेयर ड्रायर इस्तेमाल करते समय रहें सावधान
हेयर ड्रायर की गर्म हवा से बर्फ पिघल सकती है, लेकिन फ्रीजर के अंदर पानी और बिजली का संपर्क जोखिम पैदा करता है। इसलिए इस तरीके से बचना बेहतर है। तेज गर्मी से प्लास्टिक की अंदरूनी सतह और अन्य हिस्सों को नुकसान भी पहुंच सकता है।
दोबारा बर्फ जमने से कैसे रोकें?
बर्फ साफ करने के बाद फ्रीजर की अंदरूनी सतह को अच्छी तरह सुखाएं। फ्रीजर का दरवाजा ठीक से बंद रखें, उसकी सील की जांच करें और बार-बार दरवाजा खोलने से बचें। अगर बर्फ बहुत तेजी से या लगातार जम रही है, तो दरवाजे की रबर सील या डीफ्रॉस्ट सिस्टम में समस्या हो सकती है। ऐसी स्थिति में तकनीशियन से जांच कराना बेहतर है।
