Saturday, September 26, 2026
Home Chhattisgarh Bhilai MP News: कान्हा किसली जा रहे थे 5 दोस्त, दनिया पुल पर...

MP News: कान्हा किसली जा रहे थे 5 दोस्त, दनिया पुल पर बाढ़ में बह गई कार, पेड़ के सहारे बची 5 की जान

Daniya Bridge Flood Rescue: निशानेबाज न्यूज़ डेस्क- छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा टल गया। दनिया पुल पर उफनते पानी में एक कार बह गई, जिसमें रायपुर और भिलाई के 5 युवक-युवतियां सवार थे। तेज बहाव के बीच कार फंसने के बाद सभी किसी तरह पेड़ के सहारे टिके रहे और 112 पर फोन कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही गंडई पुलिस ने रात के अंधेरे और तेज बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बाढ़ के बीच पुल पर पहुंची कार
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को लगातार हुई भारी बारिश के कारण KCG जिले के नदी-नाले उफान पर थे। इसी दौरान दनिया पुल पर बाढ़ का पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था।26 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे रायपुर की ओर से एक Swift Dzire कार पुल की तरफ पहुंची। कार में पांच लोग सवार थे। पुल पर बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के लिए स्टॉपर लगाए थे।

स्टॉपर से टकराई कार, फिर बहाव में फंसी
पुलिस के मुताबिक, कार चालक ने पुल पर लगाए गए स्टॉपर को टक्कर मार दी। दूसरे छोर पर तैनात पुलिस जवानों ने आवाज देकर कार को आगे ले जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन कार आगे बढ़ती चली गई।इसके बाद कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और सड़क से बहकर नदी के बीच जाकर फंस गई। अचानक पानी में फंसने से कार में सवार पांचों लोग घबरा गए और मदद के लिए पुलिस को सूचना दी।
Read More: CG News: बिलासपुर पथराव केस में अब तक 30 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर भी पकड़ाया

112 पर फोन कर मांगी मदद
मुसीबत में फंसे लोगों ने 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद जवानों ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी।इसके बाद गंडई थाना प्रभारी शिवांकर गिनडले के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तेज बारिश, अंधेरे और नदी के तेज बहाव के बीच पुलिस ने बेहद सावधानी से रेस्क्यू शुरू किया।

रात में एक-एक कर सभी को निकाला बाहर
रेस्क्यू टीम ने कार में फंसे सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाढ़ के पानी के बीच चलाए गए इस अभियान में किसी भी व्यक्ति को गंभीर नुकसान नहीं हुआ।रेस्क्यू के बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गंडई ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस के अनुसार सभी सुरक्षित हैं।

कान्हा किसली घूमने निकले थे पांचों
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कार में सवार सभी लोग रायपुर और भिलाई के रहने वाले हैं। वे मध्यप्रदेश के कान्हा किसली घूमने के लिए निकले थे।कार को 25 वर्षीय कुबेर साहू चला रहा था। सुरक्षित बचाए गए लोगों की जानकारी इस प्रकार है:

नाम उम्र पता
कमलेश साहू 25 वर्ष गुढ़ियारी, रायपुर
कुबेर साहू 25 वर्ष कृष्णा नगर, गुढ़ियारी, रायपुर
निहाल सक्सेना 21 वर्ष कृष्णा नगर, गुढ़ियारी, रायपुर
महक कौर 21 वर्ष कैंप-02, पावर हाउस, भिलाई
प्रीति रात्रे 20 वर्ष कैंप-01, रामनगर, भिलाई

भारी बारिश में पुलिस पहले से तैनात थी
पुलिस प्रशासन के अनुसार, भारी बारिश और बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दनिया पुल पर सुरक्षा बल की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी वजह से घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच सकी।समय रहते रेस्क्यू होने से पांचों लोगों की जान बच गई। घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश और तेज बहाव के दौरान नदी, नालों और पुलों को पार करने का जोखिम न लें।

Share The News

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here