Abhanpur Accident: अभनपुर। गोबरा नवापारा के महानदी पुल पर मंगलवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजिम से नवापारा की ओर जा रहे बाइक सवार दो युवकों को पीछे से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक पुल से नीचे जा गिरा, जबकि दूसरा पुल पर ही दूर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल साथी को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा और सुनील जैन बाइक से नवापारा की ओर जा रहे थे। महानदी पुल पर पीछे से आई पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में देवेंद्र पुल से नीचे गिर गए, जबकि सुनील जैन भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
Abhanpur Accident: हादसे के बाद पुल पर लोगों की भीड़ जुटने से जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया। पिकअप चालक बिशेषर कांवडे भी हादसे के बाद अचेत हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की बात कही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।






