Arang Murder: आरंग। राजधानी रायपुर से लगे आरंग थाना क्षेत्र में एक शिक्षक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डंगनिया (चंपारण) निवासी और शासकीय विद्यालय कुम्हारी में पदस्थ शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर का शव बनचरौदा के पास महानदी के तट पर खून से लथपथ मिला। बताया जा रहा है कि मृतक किसान नेता रूपन चंद्राकर के भतीजे थे।
Arang Murder: सिर पर भारी वस्तु से वार का संदेह
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शिक्षक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया है। घटनास्थल पर उनकी बाइक भी मिली है। शव मिलने के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश समेत कई एंगल से जांच
पुलिस को शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को लेकर हत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
Arang Murder: मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Arang Murder: पुलिस का कहना है कि हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।






