Raipur Traffic jam: रायपुर में ट्रैफिक जाम से जनता परेशान, 500 मीटर का सफर 20 मिनट में, व्यवस्था पर उठ रहे सवाल, देखें वीडियो

Sanjay Sahu
Raipur Traffic jam

Raipur Traffic jam: रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ती आबादी और लगातार बढ़ रही वाहनों की संख्या के बीच ट्रैफिक जाम की समस्या अब लोगों के लिए रोजमर्रा की परेशानी बनती जा रही है। शहर के प्रमुख और व्यस्त इलाकों में शामिल शंकर नगर में भी यातायात व्यवस्था का दबाव साफ दिखाई दे रहा है। शंकर नगर से सिविल लाइन की ओर जाने वाले मार्ग और सिविल लाइन से शंकर नगर की ओर आने वाले रास्ते पर लगातार ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिल रही है।

स्थिति यह है कि महज 500 मीटर से 1 किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को करीब 15 से 20 मिनट तक लग रहे हैं। कई बार यही सफर आधे घंटे तक खिंच जाता है। खासकर शाम करीब 7 बजे, जब कार्यालयों से छुट्टी के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर निकलते हैं, उस समय सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है।

हालांकि इस मार्ग पर पूरे दिन यातायात का दबाव बना रहता है, लेकिन शाम के समय समस्या सबसे ज्यादा दिखाई देती है। बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को जाम का प्रमुख कारण माना जा सकता है, लेकिन सवाल यह है कि लगातार बढ़ते यातायात दबाव के अनुरूप प्रशासन की ओर से यातायात प्रबंधन के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए जा रहे हैं।

Raipur Traffic jam: बंद सिग्नल से बढ़ी परेशानी

शंकर नगर चौक के पास स्थिति और भी चिंताजनक नजर आ रही है। अटल पथ के नीचे बने चौराहे पर, शंकर नगर की ओर जाने वाले टर्निंग पॉइंट और सिग्नल व्यवस्था में खराबी की स्थिति पिछले कई दिनों से बनी हुई बताई जा रही है। सिग्नल काम नहीं करने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सिग्नल व्यवस्था का दुरुस्त होना बेहद जरूरी है, लेकिन लंबे समय से समस्या बने रहने के बावजूद इसे लेकर अब तक प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में वाहन चालकों को खुद ही रास्ता तलाशना पड़ रहा है और चौराहे पर अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।

Raipur Traffic jam: बड़े विजन के बीच छोटे सवालों का जवाब कौन देगा?

Raipur Traffic jam: एक ओर प्रदेश में विकसित छत्तीसगढ़ 2047 और अमृतकाल जैसे बड़े विजन की बात की जा रही है, वहीं राजधानी की प्रमुख सड़कों पर रोजाना लगने वाला जाम मौजूदा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। सवाल यह है कि भविष्य के विकास की योजनाओं के साथ वर्तमान समय की बुनियादी समस्याओं के समाधान पर कितना काम हो रहा है।

Raipur Traffic jam: राजधानी के लोगों को लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में जरूरत केवल बड़े-बड़े विजन और घोषणाओं की नहीं, बल्कि सड़क पर दिखाई देने वाली प्रभावी यातायात व्यवस्था की भी है। शंकर नगर में रोजाना लग रहे जाम और बंद पड़े सिग्नलों की समस्या कब दूर होगी, यह अब प्रशासन के सामने बड़ा सवाल है।

 

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *