Wednesday, September 9, 2026
Home Madhya Pradesh Khandwa Khandwa News: सरपंच बिनाबाई उइके की पहल से मजबूत हुआ महिला नेतृत्व,...

Khandwa News: सरपंच बिनाबाई उइके की पहल से मजबूत हुआ महिला नेतृत्व, ग्राम सभा में बढ़ी भागीदारी

[nishaanebaz.com] Khandwa News:रामचंद्र कासडे \खालवा/खंडवा। खंडवा जिले के खालवा विकासखंड की ग्राम पंचायत रिछड़ी खेड़ा और कुम्हारखेड़ा में महिला नेतृत्व के जरिए गांव के विकास की तस्वीर बदलती नजर आ रही है। आदिवासी समाज से आने वाली सरपंच बिनाबाई उइके के नेतृत्व में महिलाओं की ग्राम सभा में भागीदारी बढ़ी है। जो महिलाएं पहले ग्राम सभा की बैठकों में शामिल होने से हिचकती थीं, वे अब खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव पंचायत के सामने रख रही हैं।

बुधवार को ग्राम में आयोजित महिला सभा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “ग्राम सभा में भागीदारी हम सबकी जिम्मेदारी है” की शपथ ली। महिला सभा में गांव के विकास, पेयजल व्यवस्था और ग्राम सभा में महिलाओं की सक्रिय भूमिका को लेकर चर्चा की गई।

महिलाओं ने ली ग्राम सभा में भागीदारी की शपथ

महिला सभा के दौरान महिलाओं ने कहा कि पहले गांव की कई महिलाएं ग्राम सभा में शामिल नहीं होती थीं। पंचायत के कामकाज और गांव की समस्याओं से जुड़े विषयों पर भी उनकी भागीदारी सीमित रहती थी। सरपंच बिनाबाई उइके की प्रेरणा और लगातार प्रयासों के बाद स्थिति में बदलाव आया है।अब महिलाएं नियमित रूप से ग्राम सभा में पहुंचकर गांव की समस्याओं को सामने रख रही हैं। जरूरत पड़ने पर समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन भी दिए जा रहे हैं। महिलाओं का कहना है कि ग्राम सभा में उनकी बात सुनी जा रही है, जिससे उनमें अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को लेकर जागरूकता बढ़ी है।

MP News: इंदौर में एक ही दिन दो बड़े एक्शन! साउथ तोड़ा में 50 दुकानें टूटीं, महालक्ष्मी नगर में 2 चोर गिरफ्तार

जल जीवन मिशन में महिलाओं की सक्रिय भूमिका

महिला सभा में जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई। महिलाओं ने बताया कि पंचायत के प्रयासों से गांव में नल-जल व्यवस्था को बेहतर किया गया है और घर-घर पानी पहुंचाने की दिशा में काम हुआ है।

महिलाओं के मुताबिक, सरपंच के आह्वान पर जल कर वसूली में भी ग्रामीण महिलाएं सहयोग कर रही हैं। पंचायत स्तर पर जल कर की शत-प्रतिशत वसूली होने का दावा किया गया है। इससे नल-जल योजना के संचालन और व्यवस्था को बनाए रखने में पंचायत को मदद मिल रही है।

हर घर तक नल से पानी पहुंचाने पर जोर

महिला सभा में महिलाओं ने कहा कि गांव में पेयजल की समस्या को दूर करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। नल-जल योजना के माध्यम से घरों तक पानी पहुंचने से ग्रामीण परिवारों को काफी सुविधा मिली है।

सरपंच बिनाबाई उइके ने महिलाओं से अपील की कि वे समय पर जल कर जमा करें और पानी का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें। उनका कहना है कि ग्रामीणों की भागीदारी से ही जल जीवन मिशन को लंबे समय तक सफल बनाया जा सकता है।

सरपंच बिनाबाई उइके बोलीं- अब हम अपनी बात खुलकर रखते हैं

ग्राम पंचायत कुम्हारखेड़ा की सरपंच बिनाबाई उइके ने कहा कि पहले महिलाएं ग्राम सभा में जाने से हिचकिचाती थीं, लेकिन अब स्थिति बदल रही है। महिलाएं एकजुट होकर ग्राम सभा में पहुंचती हैं और गांव की समस्याओं को खुलकर सामने रखती हैं।

MP News: भिंड स्कूल बस हादसा! सीमेंट से भरे ट्राले से टकराई बच्चों की बस, 7 मासूम घायल

उन्होंने कहा कि गांव के हर घर तक पानी पहुंचाना और जल कर का समय पर भुगतान सुनिश्चित करना सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी ग्रामीण सहयोग करेंगे तो गांव की पेयजल समस्या को स्थायी रूप से दूर करने में मदद मिलेगी।

महिला नेतृत्व से गांव में बदलाव की उम्मीद

रिछड़ी खेड़ा और कुम्हारखेड़ा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी ग्रामीण विकास में महिला नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका को सामने ला रही है। ग्राम सभा में महिलाओं की सक्रिय मौजूदगी से पंचायत के कामकाज में उनकी भागीदारी बढ़ने के साथ स्थानीय समस्याओं को सामने रखने का मंच भी मजबूत हुआ है।महिला सभा में लिया गया संकल्प केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रहकर ग्राम विकास में महिलाओं की निरंतर भागीदारी का माध्यम बने, यही पंचायत और ग्रामीण महिलाओं का उद्देश्य है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here