DRI Action: नशे के खिलाफ DRI का बड़ा ऑपरेशन: रायपुर में 500 किलो गांजा जब्त, पटना में टीम पर हमला; देशभर में 13 गिरफ्तार

Sanjay Sahu
DRI Action

DRI Action: रायपुर/नई दिल्ली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने देशभर में बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़, बिहार, पंजाब, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक समेत कई राज्यों में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में कुल 709.6 किलोग्राम गांजा, 24.6 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा और 5 किलोग्राम चरस जब्त की गई है। कार्रवाई में NDPS अधिनियम, 1985 के तहत 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पटना में कार्रवाई के दौरान DRI का एक अधिकारी घायल हो गया।

DRI Action: रायपुर में करीब 500 किलो गांजा बरामद

रायपुर में 8 सितंबर को DRI अधिकारियों ने पुराने धमतरी रोड के पास विशाखापट्टनम से आ रहे दो ट्रकों को रोका। तलाशी के दौरान लोडिंग क्षेत्र में रखी 10 बोरियों से 61 पैकेट बरामद हुए। इनमें कुल 375.95 किलोग्राम गांजा मिला। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

इससे पहले 26 अगस्त को भी रायपुर के पास एक ट्रक से करीब 124 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पटना में DRI टीम पर हमला

बिहार के पटना में 5-6 सितंबर को DRI अधिकारियों ने सूचना के आधार पर औरंगाबाद-पटना हाईवे पर एक ट्रक को रोका। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों पर हमला किया गया, जिसमें एक अधिकारी घायल हो गया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। तलाशी में ड्राइवर केबिन के पीछे बने गुप्त केबिन से 90 पैकेटों में छिपाकर रखा गया 140.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

लुधियाना में कार से 69 किलो गांजा जब्त

पंजाब के लुधियाना में DRI ने एक संदिग्ध कार की तलाशी ली। कार के फर्श में बनाई गई विशेष कैविटी से 67 पैकेटों में 69 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गोरखपुर में 5 किलो चरस बरामद

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर अमरनाथ एक्सप्रेस के जनरल कोच में तीन यात्रियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान करीब 5 किलोग्राम चरस बरामद हुई। DRI के मुताबिक, चरस नेपाल से भारत लाई गई थी। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

विदेश से हाइड्रोपोनिक गांजा लाने वाले गिरफ्तार

DRI Action: हैदराबाद और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर भी DRI ने अलग-अलग अभियानों में तीन यात्रियों को पकड़ा। हनोई और बैंकॉक से पहुंचे यात्रियों के पास से कुल 24.6 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। DRI के मुताबिक, सड़क, रेल और हवाई मार्ग से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *