अशोकनगर (भारतेन्द्र सिंह बैंस)। Nishaanebaz.com-Ashoknagar Excise Department Action: पड़ोसी जिले सागर में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों की दुखद घटना के बाद अशोकनगर जिला प्रशासन और आबकारी विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी को रोकने के उद्देश्य से आबकारी विभाग की विशेष टीमों ने संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने जिले की लगभग 10 शासकीय शराब दुकानों के स्टॉक का सघन निरीक्षण किया और जांच के लिए उनके रैंडम सैंपल एकत्र किए।
त्रिवेणी नदी किनारे आबकारी की दबिश, 750 लीटर लाहन मौके पर किया नष्ट
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम को सूचना मिली कि माधौगढ़ गांव के पास त्रिवेणी नदी के किनारे बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची शराब बनाई जा रही है। मौके पर दबिश देकर टीम ने शराब बनाने के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया लगभग 750 लीटर कच्चा महुआ लाहन बरामद किया। जब्त किए गए लाहन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1 लाख 12 हजार रुपये बताया जा रहा है, जिसे विभागीय अमले द्वारा मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया गया।
अलग-अलग स्थानों से 20 लीटर कच्ची शराब जब्त, कार्रवाई जारी
नदी किनारे लाहन नष्ट करने के साथ ही आबकारी विभाग की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर लगभग 20 लीटर तैयार कच्ची शराब भी जब्त की है। आबकारी अधिकारियों का कहना है कि सागर की घटना के बाद शासन से मिले कड़े निर्देशों के तहत यह विशेष जांच और जब्ती अभियान चलाया जा रहा है ताकि जिले में किसी भी तरह की अनधिकृत या जहरीली शराब की आपूर्ति न हो सके।
आबकारी विभाग ने दी सख्त चेतावनी, लगातार जारी रहेगा जांच अभियान
अशोकनगर आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल तत्वों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले की सभी मदिरा दुकानों में बिक रही शराब की गुणवत्ता जांचने के लिए लिए गए सैंपलों को प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभाग ने कहा है कि ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।






