भिंड (प्रदीप शर्मा)। Nishaanebaz.com-Bhind Hospital Girl Death Case: मध्य प्रदेश के भिंड में 17 वर्षीय किशोरी की इलाज के दौरान मौत के बाद जिला अस्पताल से लेकर डॉक्टर के निजी क्लीनिक तक जमकर हंगामा हुआ। मोहन सिंह का पुरा निवासी रविंद्र तोमर की 17 वर्षीय बेटी जाह्नवी तोमर को बीते चार सितंबर को तेज बुखार आने पर डॉक्टर विनीत गुप्ता को दिखाया गया था, जिनकी सलाह पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चार दिनों तक चले उपचार के बाद मंगलवार सुबह अचानक जाह्नवी की तबीयत अधिक बिगड़ने से मौत हो गई।
इलाज में लापरवाही का आरोप, डॉक्टर के निजी क्लीनिक पर शव रखकर प्रदर्शन
बेटी की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम के साथ-साथ आक्रोश फैल गया। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज के दौरान गंभीर लापरवाही और अनदेखी का आरोप लगाते हुए डॉक्टर विनीत गुप्ता के निजी क्लीनिक पर शव रखकर उग्र प्रदर्शन किया। परिजनों ने सवाल उठाया कि जब चार दिनों तक बालिका की स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा था, तो समय रहते चिकित्सीय उपचार में बदलाव क्यों नहीं किया गया या उसे किसी बड़े अस्पताल में रेफर क्यों नहीं किया गया।
भिंड: 17 वर्षीय किशोरी की मौत पर बवाल, इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने डॉक्टर के क्लीनिक पर रखा शव।#Bhind #MPNews #BhindPolice #MedicalNegligence #MPHealth pic.twitter.com/VjE4WejhQ9
— Nishaanebaz.com (@nishaanebaz_com) September 8, 2026
जांच की मांग, मेडिकल रिकॉर्ड्स से खुलेगा मौत का राज
मृतिका के रिश्तेदार सतीश सिंह तोमर और परिजनों की मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष प्रशासनिक जांच कराई जाए। परिजन यह जानना चाहते हैं कि इलाज के दौरान कौन-कौन सी दवाएं दी गईं और स्थिति बिगड़ने पर क्या फौरी चिकित्सकीय कदम उठाए गए थे। मामले की निष्पक्ष जांच से ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इलाज में लापरवाही हुई थी या स्थिति नियंत्रण से बाहर हो चुकी थी।
अस्पताल प्रशासन का पक्ष आना बाकी, जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
इस पूरे घटनाक्रम के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम परिजनों को समझाने में जुटी रही। फिलहाल मामले में संबंधित डॉक्टर या जिला अस्पताल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मेडिकल रिकॉर्ड की समीक्षा और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।






