MP Development:शशांक सोनकपुरिया\ बैतूल। मध्य प्रदेश में विकास को लेकर किए जा रहे बड़े-बड़े दावों के बीच बैतूल जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो ग्रामीण क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के गृह जिले में आजादी के दशकों बाद भी कई ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। भीमपुर तहसील के ग्राम पिपल्या से धामन्या के बीच बहने वाली ताप्ती नदी पर पुलिया नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आज भी अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ रही है।
बरसात और नदी में पानी बढ़ने के समय ग्रामीणों की परेशानी और भी बढ़ जाती है। स्कूल जाने वाले बच्चे, मरीज और रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने वाले लोगों को मजबूरी में पानी के बीच से गुजरना पड़ता है। हालात यह हैं कि ग्रामीणों को अपने साथ-साथ पालतू और मवेशियों की जान भी जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है।
छह महीने तक बनी रहती है परेशानी
MP Development: ग्रामीणों के अनुसार, साल के करीब छह महीने ताप्ती नदी में पानी रहने के कारण आवागमन प्रभावित रहता है। नदी पर पुलिया या स्थायी मार्ग नहीं होने से धामन्या और आसपास के गांवों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली छात्र-छात्राओं और मरीजों को होती है। कई बार गंभीर मरीजों को भी नदी पार करवाकर अस्पताल तक पहुंचाना पड़ता है, जिसमें मरीज के साथ-साथ मदद करने वाले ग्रामीणों की जान भी खतरे में रहती है।
वीडियो में दिखी ग्रामीणों की मजबूरी
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में ग्रामीणों को ताप्ती नदी पार करते हुए देखा जा सकता है। कुछ लोग पानी के तेज बहाव के बीच अपने सामान और मवेशियों के साथ नदी पार करते नजर आ रहे हैं। ये तस्वीरें क्षेत्र में सड़क, पुल और मूलभूत सुविधाओं की कमी की ओर इशारा कर रही हैं।ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से पुलिया निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
बैतूल में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के बावजूद समस्या कायम
MP Development: बैतूल जिला प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। जिले से वर्तमान में सत्तारूढ़ दल के विधायक, सांसद और केंद्रीय स्तर के जनप्रतिनिधि जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।ग्रामीणों का सवाल है कि जब बड़े शहरों और मुख्य मार्गों पर विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं, तो गांवों में लोगों को आज भी नदी पार करने जैसी कठिनाइयों से क्यों जूझना पड़ रहा है।
बड़े हादसे का इंतजार या समय रहते समाधान?
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ताप्ती नदी पर जल्द से जल्द पुलिया या स्थायी पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को हर मौसम में सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।अब देखना होगा कि प्रशासन इन ग्रामीणों की समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही इस ओर ध्यान दिया जाएगा।







