Niwari News: देवेश गुप्ता/ निवाड़ी। मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले में दबंगई और लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के मड़िया गांव में कुछ बदमाशों ने पहले शराब ठेकेदार के मुनीम का रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब मुनीम ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद मौके पर पहुंचे शराब ठेकेदार और उसके साथी पर भी हमला कर दिया। बदमाशों ने दोनों वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की और करीब 1 लाख 98 हजार 280 रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
रास्ता रोककर शुरू किया विवाद
Niwari News: जानकारी के अनुसार शराब ठेकेदार का मुनीम हर्ष मिडक्या बोलेरो वाहन से शराब दुकान का हिसाब-किताब और नकदी लेकर पृथ्वीपुर जा रहा था। इसी दौरान मड़िया गांव की हरिजन बस्ती के पास नन्हे राजा और अवध यादव ने अपनी अल्टो कार उसके सामने लगाकर वाहन रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मुनीम द्वारा पैसे देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
ठेकेदार को बुलाया तो साथियों ने मिलकर किया हमला
मारपीट से बचने के बाद मुनीम ने तत्काल अपने ठेकेदार राहुल राय को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही राहुल राय अपने साथी दीपू राय के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपियों के अन्य साथी भी वहां पहुंच चुके थे। इसके बाद सभी ने मिलकर शराब ठेकेदार, मुनीम और उनके साथी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
थार और बोलेरो में तोड़फोड़, नकदी लेकर फरार
Niwari News: आरोपियों ने न सिर्फ शराब ठेकेदार और उसके साथियों के साथ मारपीट की, बल्कि उनकी थार और बोलेरो गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद मुनीम की बोलेरो में रखा 1 लाख 98 हजार 280 रुपये का कैश लेकर वाहन सहित फरार हो गए। घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने बचाई जान, घायलों को अस्पताल पहुंचाया
Niwari News: घटना के दौरान गांव के कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर घायलों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। घायल मुनीम हर्ष मिडक्या को उपचार के लिए पृथ्वीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल राहुल राय और दीपू राय को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया।
9 आरोपियों पर मामला दर्ज, गिरफ्तारी के लिए दबिश
Niwari News: पीड़ित की शिकायत के आधार पर पृथ्वीपुर थाना पुलिस ने 8 नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मारपीट, लूट, तोड़फोड़ और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।







