Jashpur Child Kidnapping: जशपुर में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात, 1 महीने के बच्चे को अगवा करने वाली महिला बगीचा से गिरफ्तार

0
109

Jashpur Child Kidnapping: जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चा चोरी के एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज मामले का चंद घंटों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। जिला अस्पताल और बस स्टैंड के पास से एक महीने के मासूम बच्चे को लेकर फरार हुई शातिर महिला को पुलिस ने बगीचा क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृत बच्चे को पूरी तरह सकुशल बरामद कर रोते-बिलखते पहाड़ी कोरवा परिजनों को सौंप दिया है, जिसके बाद उनके चेहरे पर खुशी लौट आई है।

इलाज कराने आई विशेष पिछड़ी जनजाति की महिला को बनाया निशाना

मामले का आधिकारिक खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) राकेश पाटनवार ने बताया कि बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम मरंगीपाठ की रहने वाली एक पहाड़ी कोरवा (विशेष पिछड़ी जनजाति) महिला अपने महज़ 1 महीने के बीमार बच्चे का इलाज कराने जशपुर जिला अस्पताल आई हुई थी। अस्पताल परिसर में ही उसकी मुलाकात एक शातिर अज्ञात महिला से हुई। आरोपी महिला ने बच्चे की बीमारी को अंधविश्वास से जोड़ते हुए झाड़-फूंक के जरिए उसे ठीक करने का ढोंग रचा और भोले-भाले ग्रामीण परिवार को पूरी तरह अपने झांसे में ले लिया।

हड़िया पिलाया, फिर होटल में खाना खाते समय बच्चा लेकर हुई रफूचक्कर

परिजनों को अपने विश्वास में लेने के बाद आरोपी महिला पूरे परिवार को बहला-फुसलाकर जशपुर बस स्टैंड ले गई। वहां उसने साजिश के तहत परिजनों को पहले नशीला पेय ‘हड़िया’ पिलाया और फिर उन्हें पास के एक होटल में खाना खिलाने ले गई। होटल में जब मासूम के माता-पिता भोजन करने में पूरी तरह व्यस्त थे, तभी मौका पाकर आरोपी महिला 1 माह के नवजात को गोद में लेकर वहां से पलक झपकते ही गायब हो गई। खाना खाने के बाद जब माता-पिता को बच्चा गायब मिला, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से बगीचा में दबोची गई महिला

आसपास काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो रोते हुए पीड़ित माता-पिता ने सिटी कोतवाली जशपुर पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता और नवजात की जान के खतरे को देखते हुए एसपी के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने बस स्टैंड, होटल और जिला अस्पताल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल टावर लोकेशन और चश्मदीदों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला का रूट ट्रेस किया और बगीचा क्षेत्र में दबिश देकर उसे धर दबोचा। पुलिस ने महिला के खिलाफ अपहरण की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है और इस रैकेट में शामिल अन्य संभावित चेहरों की तलाश की जा रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here