देर रात बाइक सवार हमलावरों ने की फायरिंग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ अपनी कार से किसी काम के सिलसिले में जा रहे थे। इसी दौरान मध्यमग्राम के दोहड़िया इलाके में बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को रोककर करीब चार राउंड फायरिंग की।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने बेहद नजदीक से गोलियां चलाईं, जिससे चंद्रनाथ रथ के सीने में तीन गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ड्राइवर घायल, अस्पताल में इलाज जारी
घटना में कार चला रहे ड्राइवर को भी गोली लगी है। उन्हें तुरंत एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत को लेकर डॉक्टरों की निगरानी जारी है।कार के शीशे पर गोलियों के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं, जिससे हमले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इलाके में नाकेबंदी, पुलिस जांच तेज
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे हमलावरों की पहचान मुश्किल हो रही है।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू
इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बीजेपी नेताओं ने टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। हालांकि टीएमसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
सुवेंदु अधिकारी पहुंचे घटनास्थल
सूचना मिलते ही सुवेंदु अधिकारी मध्यमग्राम के लिए रवाना हो गए हैं। बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
तनावपूर्ण माहौल, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है।