शहडोल : शहडोल में जनगणना 2027 के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने एक अनोखी पहल की है। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर से जनगणना प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाने के बाद खुद उसकी ड्राइवर सीट संभाल ली और वाहन को चलाकर रवाना किया।
खुद स्टीयरिंग पर बैठे कलेक्टर
आमतौर पर प्रशासनिक कार्यक्रम औपचारिक रूप में होते हैं, लेकिन कलेक्टर का यह कदम लोगों को खासा प्रभावित कर रहा है। डॉ. केदार सिंह ने खुद स्टीयरिंग थामकर संदेश दिया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सभी की भागीदारी जरूरी है।
Read more : M.P News : बुरहानपुर में भाजपा की जीत का भव्य जश्न, कमल तिराहे पर उमड़ा जनसैलाब
जनगणना 2027 को लेकर विशेष अभियान
कलेक्टर ने बताया कि 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण का कार्य चल रहा है, जिसमें 33 प्रकार की जानकारियां एकत्र की जाएंगी। इस अभियान का उद्देश्य हर नागरिक तक सही और सटीक जानकारी पहुंचाना है।
गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता रथ
यह प्रचार रथ जिले के सभी विकासखंडों, गांवों और शहरी क्षेत्रों में जाकर लोगों को जनगणना के महत्व और प्रक्रिया की जानकारी देगा। इससे जनता को इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई पहल
कलेक्टर की यह अनोखी पहल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे प्रशासनिक जुड़ाव और जनभागीदारी का प्रेरक उदाहरण बता रहे हैं।









