Indore Solar Plant Inauguration : इंदौर: स्वच्छता में नंबर-1 इंदौर अब सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी इतिहास रचने जा रहा है। खरगोन जिले के जलूद में नगर निगम द्वारा स्थापित 60 मेगावॉट क्षमता वाले अत्याधुनिक सोलर प्लांट का लोकार्पण बुधवार (29 अप्रैल) को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। यह प्रोजेक्ट इसलिए खास है क्योंकि इसके लिए नगर निगम ने देश में पहली बार ‘ग्रीन बॉन्ड’ के जरिए 244 करोड़ रुपये जुटाए थे।
बिजली बिल में होगी करोड़ों की बचत: महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस प्रोजेक्ट को शहर के लिए बड़ी सौगात बताया है। उन्होंने कहा कि इंदौर शहर नर्मदा का पानी लाने और पंपिंग सिस्टम पर हर महीने करोड़ों रुपये बिजली पर खर्च करता है। इस सोलर प्लांट के शुरू होने से निगम को हर महीने लगभग 25 से 30 करोड़ रुपये की सीधी बचत होगी। ट्रायल के तौर पर मार्च महीने में ही 3.64 करोड़ रुपये की बचत दर्ज की जा चुकी है।
9 साल में निकल आएगी पूरी लागत: महापौर के अनुसार, यह प्लांट न केवल पर्यावरण संरक्षण में मददगार होगा बल्कि आर्थिक रूप से भी निगम को आत्मनिर्भर बनाएगा। अगले 9 वर्षों में यह प्रोजेक्ट अपनी पूरी लागत निकाल लेगा, जिसके बाद होने वाली शत-प्रतिशत बचत का उपयोग शहर के विकास कार्यों में किया जाएगा। यह मॉडल अब देश के अन्य नगर निगमों के लिए भी एक मिसाल बन गया है।











