Women’s Reservation Bill: महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित नहीं होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को राजधानी रायपुर में जनआक्रोश रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में यह रैली बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक पहुंची, जहां सभा आयोजित की गई।
रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद रूपकुमारी चौधरी, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और कमलेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने इस दौरान महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि यह महिलाओं का आक्रोश है और विपक्ष महिला विरोधी मानसिकता रखता है।
Women’s Reservation Bill:भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। इसके तहत 20 अप्रैल को जन आक्रोश महिला पदयात्रा, 23-24 अप्रैल को महिला सम्मेलन और 26-27 अप्रैल को मंडल स्तर पर पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बताया गया कि महिला आरक्षण से जुड़े इस विधेयक को पारित कराने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया था, लेकिन आवश्यक बहुमत नहीं मिलने के कारण यह पास नहीं हो सका। संविधान संशोधन के तहत पेश इस प्रस्ताव के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि 230 सांसदों ने विरोध किया। बिल पारित होने के लिए 352 मतों की आवश्यकता थी।
Women’s Reservation Bill:भाजपा ने इसे महिला सशक्तिकरण से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए कहा है कि इस पर विरोध करने वालों के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक माहौल और गरमाने के संकेत हैं।











