यूट्यूबर एल्विश यादव : गुरुग्राम (हरियाणा)। बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता और लोकप्रिय यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर रविवार तड़के अज्ञात बदमाशों ने धावा बोलते हुए गोलियां बरसा दीं। जानकारी के मुताबिक सुबह 5 से 6 बजे के बीच मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने दो दर्जन से ज्यादा राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गए। उस समय घर में एल्विश मौजूद नहीं थे, केवल एक कार्यवाहक भीतर था, जो बाल-बाल बच गया।
यूट्यूबर एल्विश यादव : अधिकारियों ने बताया कि अब तक यादव ने पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। घटना ऐसे वक्त पर हुई है जब एल्विश पहले से ही कानूनी विवादों में उलझे हुए हैं। नवंबर 2023 में उनका नाम कथित साँप के जहर की तस्करी के मामले में सामने आया था। नोएडा में हुई छापेमारी में नौ सांप और ज़हर की शीशियाँ बरामद हुई थीं, जिनमें कोबरा और करैत के ज़हर की पुष्टि हुई। यह मामला एनजीओ पीपल फॉर एनिमल्स के स्टिंग ऑपरेशन के बाद उजागर हुआ था।
6 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने इस प्रकरण में निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगाकर मामले की सुनवाई फिलहाल स्थगित कर दी है।
गौरतलब है कि सिद्धार्थ उर्फ़ एल्विश यादव ने यूट्यूब और सोशल मीडिया पर कंटेंट क्रिएटर व गायक के तौर पर पहचान बनाई। बिग बॉस ओटीटी 2 में जीत के बाद वह घर-घर में चर्चित हुए। फिलहाल वे कलर्स टीवी के लाफ्टर शेफ्स – अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट 2 शो में नजर आ रहे हैं और विवादों के बावजूद चर्चा में बने हुए हैं।











