बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के बीच बवाल! फाल्टा में वोटरों को हत्या की धमकी… 1 बजे तक 61% से ज्यादा मतदान

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के दौरान कई इलाकों में हिंसा, धमकी और झड़प की घटनाएं सामने आई हैं। दक्षिण 24 परगना के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में वोट डालने के बाद मां-बेटे को जान से मारने और घर में नहीं घुसने देने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद चुनावी माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया है।

वोट देने के बाद मिली धमकी

जानकारी के मुताबिक फाल्टा विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या 204 पर मतदान करने के बाद दिलीप मंडल और उनकी मां को कथित तौर पर धमकी दी गई। पीड़ितों का आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें घर में प्रवेश नहीं करने देने और हत्या करने तक की धमकी दी। दोनों शिकायत लेकर चुनाव पर्यवेक्षक अजय पाल शर्मा के पास पहुंचे, जहां उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया गया।

कई जिलों में हिंसा और झड़प

दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान बंगाल के कई इलाकों से हिंसा और हंगामे की खबरें सामने आईं। दक्षिण 24 परगना में बीजेपी उम्मीदवार विकास सरदार पर हमले का आरोप लगा। बताया गया कि उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई और उनके साथ धक्का-मुक्की भी हुई। विकास सरदार ने आरोप लगाया कि उनके साथ अभद्रता की गई और सुरक्षा व्यवस्था नाकाफी रही।

फाल्टा और हावड़ा में लाठीचार्ज

फाल्टा के बेलसिंघा इलाके में स्थित बूथ नंबर 186 के बाहर भीड़ बढ़ने के बाद केंद्रीय सुरक्षा बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा। सुरक्षाबलों ने मतदान केंद्र के आसपास जमा लोगों को हटाकर स्थिति नियंत्रित की। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।

वहीं हावड़ा के बाली विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम मशीन में खराबी के कारण मतदान कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। मशीन खराब होने से नाराज मतदाताओं ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने स्थिति संभालने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया है।

भारी सुरक्षा के बीच जारी मतदान

राज्य में दूसरे चरण के तहत 142 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। हिंसा और बमबाजी की आशंका को देखते हुए विशेष एजेंसियों और सुरक्षा बलों को भी सक्रिय रखा गया है।

दोपहर 1 बजे तक 61 प्रतिशत से ज्यादा मतदान

तनाव और हिंसा की घटनाओं के बावजूद मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। चुनाव आयोग के अनुसार दोपहर 1 बजे तक राज्य में 61.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दूसरे चरण में कुल 1448 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला मतदाता कर रहे हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *