भोपाल : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार के विमान हादसे में निधन की खबर से देशभर की राजनीति में शोक की लहर है। इस दुखद घटना पर मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गहरा दुख व्यक्त किया है। भोपाल में जारी अपने बयान में मंत्री सारंग ने अजित पवार को देश का एक धाकड़ और प्रभावशाली नेता बताया।
“राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति”
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि अजित पवार का असमय जाना महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ी रिक्तता पैदा करता है। उन्होंने कहा,“एक बड़े नेता का इस तरह चले जाना न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश की राजनीति के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले।”
कांग्रेस की बैठक पर साधा निशाना
अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त करने के बाद मंत्री सारंग ने कांग्रेस की दिल्ली में हो रही अहम बैठक को लेकर तीखा तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति अब बस्तर जैसी हो चुकी है, जहां संगठन पूरी तरह बिखरा हुआ नजर आ रहा है।
“कांग्रेस पूरी तरह से गॉन केस”
मंत्री सारंग ने कहा,
“कांग्रेस अब पूरी तरह से गॉन केस हो चुकी है। दिल्ली से लेकर प्रदेश तक, प्रदेश से लेकर जिला, ब्लॉक और गांव तक कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो चुका है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में संगठन निर्माण की कोई गंभीर कोशिश नहीं हो रही है।
संगठन नहीं, सिर्फ पदों की राजनीति
बीजेपी मंत्री ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला करते हुए कहा कि
“अपने-अपने गुर्गों को पद देने से संगठन नहीं चलता। कांग्रेस यही कर रही है और यही उसकी सबसे बड़ी कमजोरी है।”
उन्होंने दावा किया कि जनता कांग्रेस की सच्चाई समझ चुकी है और यही कारण है कि पार्टी लगातार जनाधार खोती जा रही है।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
एक ओर जहां अजित पवार के निधन से राजनीतिक माहौल शोकाकुल है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की बैठक को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी भी तेज होती नजर आ रही है। आने वाले दिनों में इस बैठक के फैसलों और उस पर सत्तारूढ़ दल की प्रतिक्रियाओं पर राजनीतिक नजरें टिकी रहेंगी।













