Vice President CP Radhakrishnan : हेमंत वर्मा संवाददाता/राजनांदगांव। भारत के उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन ने आज राजनांदगांव में नवनिर्मित स्वर्गीय जुगल किशोर जी सारडा स्मृति उदयाचल मल्टीस्पेशियलिटी आई केयर एण्ड रिसर्च इंस्टीट्यूट का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रामेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Vice President CP Radhakrishnan
शुभारंभ के बाद, उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन ने उदयाचल मल्टीस्पेशियलिटी आई केयर इंस्टीट्यूट का बारीकी से अवलोकन किया और उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की। इस दौरान उन्होंने मरीजों को सहायक उपकरण वितरण किए और उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर महापौर श्री मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह, संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, आईजी श्री अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंकिता शर्मा, पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना, तथा उदयाचल संस्था के पदाधिकारी श्री अशोक मोदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
Vice President CP Radhakrishnan
उल्लेखनीय है कि उदयाचल संस्था लंबे समय से क्षेत्र में धर्मार्थ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है। वर्तमान में उदयाचल चिकित्सालय में प्रतिदिन लगभग 400 ओपीडी होती है, जिसमें नेत्र विभाग में 300, फिजियोथेरेपी में 60 से 80, दंत विभाग में 30, स्क्रीन एवं होम्योपैथी विभाग की ओपीडी शामिल है। संस्था का सेवा भाव निम्न आंकड़ों से स्पष्ट होता है:
- नेत्र जांच: अब तक 9 लाख 17 हजार 62 से अधिक मरीजों की नेत्र जांच की गई है।
- ऑपरेशन: 90 हजार 132 से अधिक मरीजों का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया है।
- अन्य इलाज: फिजियोथैरिपी के 2 लाख 12 हजार 599, डेंटल के 23 हजार 441 और होम्योपैथिक के 39 हजार 242 मरीजों का इलाज किया गया है।
Vice President CP Radhakrishnan
संस्था ने केवल चिकित्सा ही नहीं, बल्कि पोषण और जन स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। संस्था द्वारा छुईखदान, गंडई, सिंघोला में 3000 कुपोषित बच्चों और 2400 गर्भवती महिलाओं को अतिरिक्त पोषण आहार देकर सुपोषित किया गया है। कोविड-19 महामारी के दौरान संस्था ने कोविड आइसोलेशन सेंटर और वेक्सिनेशन सुविधा उपलब्ध कराई थी। इसके अलावा, “एक युद्ध टीबी के विरूद्ध” मिशन के तहत लगभग 1000 टीबी साधकों को अतिरिक्त आहार देकर सुपोषित किया गया।
Vice President CP Radhakrishnan
संस्था जरूरतमंद मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन करती है, जिसमें न केवल ऑपरेशन बल्कि मरीज और सहयोगी के लिए रुकने, भोजन, दवाई, चश्मा जैसी सभी सुविधाएं शामिल हैं। डिस्चार्ज के समय मरीजों को एक चादर, थाली और ग्लास भी भेंट किया जाता है, जो संस्था के मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है। समय-समय पर आयोजित नेत्र शिविरों के माध्यम से मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा भी प्रदान की जाती है।












