Ujjain Shooting: उज्जैन में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप युवक को मारी गोली, मौत; बचाने पहुंचे परिजनों पर भी हमला, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

Anuj Nirala

Ujjain Shooting: उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित जूना अखाड़ा चौराहे के पास एक फूड रेस्टोरेंट के सामने दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग हो गई, जिसमें एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लोकेश गौरकर के रूप में हुई है। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई और परिवार के अन्य सदस्यों पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए।

घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

MP News: उज्जैन जेल के अंदर वर्दी में ऑर्केस्ट्रा, केक और ठुमके! भैरवगढ़ का VIDEO वायरल होते ही मचा बवाल

होली के विवाद की रंजिश में चली गोली

Ujjain Shooting: एडिशनल एसपी गुरुप्रसाद पाराशर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गौरकर और पासी पक्ष के बीच होली के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। माना जा रहा है कि उसी पुरानी रंजिश के चलते शनिवार रात दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए।

पहले कहासुनी हुई, फिर देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग तक की नौबत आ गई। गोली लगने से लोकेश गौरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बचाने पहुंचे परिजनों को भी नहीं बख्शा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब लोकेश को बचाने के लिए उसका भाई और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का निजी अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस जुटी जांच में, आरोपियों की तलाश तेज

Ujjain Shooting: घटना की सूचना मिलते ही नीलगंगा थाना पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

एडिशनल एसपी ने बताया कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अभी किसी आरोपी का नाम सार्वजनिक करना जल्दबाजी होगी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Bhopal Double Murder Case में बड़ा खुलासा! तालाब से मिली पिस्टल, आरोपी की पत्नी और बेटा गिरफ्तार

इलाके में तनाव, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Ujjain Shooting: वारदात के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर उज्जैन में कानून-व्यवस्था और पुरानी रंजिशों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *