नई दिल्ली/भोपाल। Nishaanebaz.com-TVS Number 1 EV Company: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की मांग बहुत तेजी से बढ़ रही है। पारंपरिक और नई कंपनियां अपने सेगमेंट को मजबूत करने के लिए नए-नेक मॉडल्स उतार रही हैं। इस बीच इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट से एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। देश के भरोसेमंद ब्रांड टीवीएस मोटर (TVS Motor) ने सितंबर के महीने में इतिहास रचते हुए ओला इलेक्ट्रिक को पीछे छोड़ दिया है और भारत की नंबर-1 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी का ताज अपने नाम कर लिया है।
टीवीएस ने दर्ज की रिकॉर्डतोड़ बिक्री, 125 प्रतिशत की भारी उछाल
सितंबर के महीने में टीवीएस मोटर ने ईवी सेगमेंट में अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कंपनी ने इस दौरान कुल 54,037 यूनिट्स इलेक्ट्रिक स्कूटरों की बंपर बिक्री दर्ज की है। अगर पिछले साल के इसी आंकड़े की तुलना करें, तो कंपनी की कुल बिक्री में लगभग 125 प्रतिशत की भारी-भरकम सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। टीवीएस के लोकप्रिय आईक्यूब (iQube) और नए ऑर्बिटर (Orbiter) जैसे इलेक्ट्रिक स्कूटर्स को देश के आम परिवारों और युवाओं ने हाथों-हाथ लिया है, जिससे पूरे टू-व्हीलर बाजार में हलचल मच गई है।
दूसरे नंबर पर बजाज और तीसरे पर एथर का जलवा इस रेस में केवल टीवीएस ही नहीं, बल्कि अन्य पारंपरिक कंपनियों ने भी स्टार्टअप्स को पीछे छोड़ दिया है।
-
बजाज ऑटो: सूची में दूसरा स्थान बजाज ऑटो ने हासिल किया है, जिसने अपने लोकप्रिय चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर की कुल 48,429 यूनिट्स बेची हैं।
-
एथर एनर्जी: तीसरे स्थान पर ईवी स्टार्टअप कंपनी एथर एनर्जी रही, जिसने अपने रिज्टा और 450X मॉडल्स की कुल 30,533 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की।
-
हीरो मोटोकॉर्प: देश की सबसे बड़ी टू-व्हीलर निर्माता कंपनी ने अपने विडा (Vida) ब्रांड के तहत 24,321 यूनिट्स बेचकर चौथा स्थान हासिल किया है।
पांचवें स्थान पर खिसकी ओला इलेक्ट्रिक, जानिए क्या रही वजह
कभी भारतीय ईवी बाजार में सिरमौर रहने वाली ओला इलेक्ट्रिक को इस बार सबसे बड़ा झटका लगा है। ग्राहकों की घटती मांग और लगातार आ रही सर्विस संबंधी दिक्कतों के कारण ओला इस महीने भारी गिरावट के साथ सीधे पांचवें स्थान पर खिसक गई है। कंपनी इस दौरान केवल 13,451 यूनिट्स ही बेच पाई है।
ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्स का मानना है कि भारतीय ग्राहक अब केवल लुक्स या विज्ञापनों पर नहीं, बल्कि आफ्टर-सेल्स सर्विस (After-Sales Service) और भरोसे को पहली प्राथमिकता दे रहे हैं। टीवीएस और बजाज जैसी पुरानी कंपनियों के पास पूरे देश में फैला हुआ हजारों सर्विस सेंटर्स और डीलर्स का मजबूत नेटवर्क है, जिसके चलते ग्राहक आंख बंदकर इन ब्रांड्स पर भरोसा जता रहे हैं।
