नई दिल्ली। ग्रेटर नोएडा में दहेज हत्या के निक्की मर्डर केस का मुख्य आरोपी पति विपिन पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर आरोपी को उस स्थान पर ले जाया जा रहा था, जहां से उसने थिनर की बोतल खरीदी थी। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन विपिन नहीं रुका। इसके बाद पुलिस ने गोली चलाई जो उसके पैर में लगी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका इलाज कराया जा रहा है।
Read News : आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद और नक्सलवाद पर नजर रखेंगे डिप्टी NSA अनीश दयाल सिंह
विपिन पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी निक्की को दहेज की मांग को लेकर जिंदा जला दिया। निक्की की बहन और बेटे ने बयान दिया कि घटना के समय विपिन ने पहले निक्की के बाल पकड़कर उसे घसीटा और फिर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। मृतका के छह वर्षीय बेटे ने यह पूरी वारदात अपनी आंखों से देखी।
घटना के वीडियो भी इंटरनेट पर वायरल हुए थे। एक वीडियो में विपिन को निक्की को बाल पकड़कर घसीटते देखा गया, जबकि दूसरे वीडियो में निक्की आग से झुलसने के बाद सीढ़ियों से नीचे उतरती हुई नजर आई।
निक्की के पिता ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि पुलिस ने सही किया। हमारी गुजारिश है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द पकड़ा जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
Read News : Jabalpur News : बरगी की सहजपुरी पंचायत पर भ्रष्टाचार के आरोप, अधूरा निर्माण और लापरवाही से ग्रामीण परेशान
वहीं, आरोपी विपिन ने पुलिस कस्टडी में कहा कि उसे कोई पछतावा नहीं है। उसने दावा किया कि निक्की की मौत उसकी वजह से नहीं हुई, बल्कि वह खुद मर गई। उसके अनुसार पति-पत्नी के बीच झगड़े होना आम बात है।













