विदिशा: अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ट्राइबल टीचर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी आज कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन पत्र के माध्यम से अपनी आठ सूत्रीय मांगें प्रस्तुत कीं। संगठन ने प्रशासनिक दृष्टि से कनिष्ठ शिक्षकों को छात्रावास का अधीक्षक बनाए जाने पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि मऊगंज जिले में प्राथमिक शाला के शिक्षक को नियमित प्रक्रिया के विपरीत ट्राइबल हॉस्टल का प्रभारी बनाया गया है, जबकि नियम के अनुसार प्राथमिक शाला शिक्षक को प्रभारी नहीं बनाया जा सकता।
संगठन ने आरोप लगाया कि छात्रावास में हो रहे निर्माण और मरम्मत कार्यों में ट्राइबल विभाग और जनपद की एजेंसियां गुणवत्ताहीन कार्य कर सरकारी राशि का आहरण कर लेती हैं, जिससे छात्रावासों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
ट्राइबल टीचर वेलफेयर एसोसिएशन ने संभाग आयुक्त से मांग की है कि हॉस्टल वार्डन को छात्रावास में चल रहे कार्यों की गुणवत्ता जाँचने की अधिकारिता दी जाए। इससे निर्माण और मरम्मत कार्यों को गुणवत्ता पूर्ण ढंग से कराया जा सकेगा और छात्रावास की स्थिति में सुधार होगा।









