Tikamgarh News: श्रेय की सियासत के बीच तीसरी बार टला ऑडिटोरियम का भूमिपूजन, विधायक ने गैंती चलाकर कराई शुरुआत,

Sanjay Sahu

Tikamgarh News: टीकमगढ़। शहर में 8.30 करोड़ के ऑडिटोरियम निर्माण को लेकर दो दिन चली सियासी खींचतान के बाद बुधवार को प्रस्तावित तीसरा भूमिपूजन नहीं हुआ। विवाद के बाद जनप्रतिनिधियों ने नगर पालिका कार्यालय के पीछे प्रस्तावित स्थल पर गैंती चलाकर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी।

नगर पालिका के वार्ड-18 में 8.30 करोड़ की लागत से 500 सीटर ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। बुधवार को विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने बिना भूमिपूजन के गैंती चलाकर काम शुरू कराया। उन्होंने कहा कि पहले 300 सीटर की योजना थी, अब 500 सीटर ऑडिटोरियम बनेगा जो सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र होगा। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए विकास में बाधा डालने वालों पर निशाना साधा और नगर पालिका सीएमओ को चेतावनी देते हुए कहा कि यह प्रशासनिक अधिकारी की गंदी हरकत है, कलेक्टर को संज्ञान लेना चाहिए। मौके पर नपा अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मलिक, कांग्रेस नेता सूर्य प्रकाश मिश्रा, नगर अध्यक्ष गौरव शर्मा सहित कई पार्षद मौजूद रहे।

विरोध से शुरू हुआ विवाद

नगर पालिका ने 14 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे भूमिपूजन का कार्यक्रम रखा था। मंगलवार को कांग्रेस द्वारा पोस्टर जारी करते ही विरोध शुरू हो गया। मंगलवार रात पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी ने वीडियो जारी कर इसे जनता को गुमराह करने वाला कदम बताया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 में उनकी पत्नी लक्ष्मी गिरी के नपा अध्यक्ष रहते तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 8 करोड़ जारी किए थे और 12 सितंबर 2022 को भूमिपूजन हो चुका है, जिसका विज्ञापन भी प्रकाशित हुआ था। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद आचार संहिता लगने से काम रुक गया था और कांग्रेस परिषद ने काम शुरू नहीं कराया।

कलेक्टर ने बताया अनुचित

Tikamgarh News: इसी बीच कलेक्टर द्वारा नपा सीएमओ को जारी पत्र सामने आया। पत्र में कहा गया कि मुख्यमंत्री द्वारा 17 जुलाई 2026 को उत्सव भवन प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में ऑडिटोरियम का भूमिपूजन किया जा चुका है, इसलिए दोबारा भूमिपूजन उचित नहीं होगा। जानकारी के अनुसार कलेक्टर ने इस संबंध में विधायक और नपा अध्यक्ष से फोन पर भी बात की, जिसके बाद भूमिपूजन की जगह केवल निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।
वाईट पूर्व विधायक राकेश गिरि

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *