इंदौर। इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि राजा की हत्या की साजिश उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी ने ही रची थी, वह भी अपने से 5 साल छोटे प्रेमी राज कुशवाह के साथ मिलकर। सोनम और राजा की शादी महज 11 मई को हुई थी, और 20 मई को दोनों हनीमून के लिए शिलांग रवाना हुए थे। लेकिन 2 जून को राजा की लाश झरने के पास एक गहरी खाई में मिली, और सोनम लापता थी।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि सोनम का राज कुशवाह नाम के युवक से अफेयर था, जो उसके प्लाईवुड व्यवसाय में बिलिंग का काम करता था। शादी के बाद भी दोनों संपर्क में थे और उन्होंने मिलकर राजा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
राज कुशवाह ने अपने तीन दोस्तों—विशाल सिंह, आनंद कुर्मी और आकाश राजपूत को हत्या में शामिल किया। ये तीनों युवक पहले से ही गुवाहाटी पहुंच चुके थे। सोनम और राजा जब शिलांग पहुंचे, तो तीनों हत्यारे भी वहीं पहुंचे और बाइक किराए पर ले ली। 23 मई को सोनम राजा को शिलांग के डबल डेकर इलाके की तरफ ले गई, जहां राजा की हत्या कर दी गई।
इस हत्याकांड में पुलिस ने सोनम सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। शुरुआती पूछताछ में सोनम ने हत्या की बात कबूल कर ली है। पुलिस का मानना है कि यह एक सुनियोजित और भावनात्मक धोखे पर आधारित अपराध है, जिसमें विवाह और प्रेम दोनों को हथियार बनाया गया।
यह मामला अब प्रेम, धोखा और हत्या के त्रिकोण में उलझ चुका है, जिसने इंदौर से लेकर मेघालय तक हर किसी को झकझोर दिया है।













