Tuesday, August 18, 2026
Home Chhattisgarh Raipur No Vending Zone : रायपुर ट्रैफिक के लिए 2 महीने का...

Raipur No Vending Zone : रायपुर ट्रैफिक के लिए 2 महीने का ‘मास्टर प्लान’: प्रमुख मार्ग होंगे वेंडर और पार्किंग मुक्त, होगी सख्त कार्रवाई

Raipur No Vending Zone : रायपुर : राजधानी रायपुर की सड़कों पर अब आवागमन सुगम और निर्बाध होने जा रहा है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और नगर निगम कमिश्नर श्री विश्वदीप ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दो महीने का विशेष एक्शन प्लान तैयार किया है। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में इस कार्ययोजना को तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्णय लिया गया।

प्रमुख मार्गों पर ‘नो-वेंडर’ और ‘नो-पार्किंग’ सख्ती

बैठक के सबसे महत्वपूर्ण निर्णय के अनुसार, शहर के सभी प्रमुख मार्गों को चरणबद्ध तरीके से ठेले, खोमचे और हर प्रकार के अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा।

  • 50-50 मीटर का घेरा: शहर के हर प्रमुख तिराहे और चौराहे से चारों दिशाओं में 50 मीटर की दूरी तक कोई भी वाहन खड़ा नहीं होगा और न ही कोई ठेला लगेगा।

  • लेफ्ट टर्न फ्री: सिग्नल वाले चौराहों पर कंक्रीट ब्लॉक रखकर ‘लेफ्ट टर्न’ को पूरी तरह फ्री किया जाएगा, ताकि मुड़ने वाले वाहनों को ट्रैफिक जाम का सामना न करना पड़े।

रिंग रोड नंबर 1 पर विशेष नजर

टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक रिंग रोड-1 की सर्विस रोड को पूरी तरह पार्किंग मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सर्विस रोड पर खड़े पाए जाने वाले भारी वाहनों और गाड़ियों के विरुद्ध न केवल चालानी कार्रवाई होगी, बल्कि क्रेन के जरिए टोइंग (Towing) की कार्रवाई भी की जाएगी।

नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम

नगर निगम कमिश्नर श्री विश्वदीप ने बताया कि निगम की टीम अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर रही है। अब पुलिस पेट्रोलिंग पार्टियों की यह जिम्मेदारी होगी कि वे इन मुक्त कराए गए क्षेत्रों पर सतत निगाह रखें, ताकि दोबारा कोई वहां कब्जा न कर सके। बाजार क्षेत्रों में बढ़ते दबाव को देखते हुए नए वेंडर जोन भी निर्धारित किए जा रहे हैं।

रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग

यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए प्रमुख सड़कों पर नई रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि नागरिकों को सुरक्षित और बाधा रहित सड़कें मिलें, जिससे दुर्घटनाओं में भी कमी आए।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here