Teachers Day 2025 : रायपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर आज प्रदेश के शिक्षा जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 64 शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। राजभवन में आयोजित विशेष समारोह में राज्यपाल इन शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित करेंगे। चयनित शिक्षकों में प्रदेश के लगभग सभी जिलों के प्रधानपाठक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक शामिल हैं।
Teachers Day 2025 : इसके अलावा, चार शिक्षकों को विशेष स्मृति पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इसमें सूरजपुर के अजय कुमार चतुर्वेदी को डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार, कवर्धा के रमेश कुमार चंद्रवंशी को गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ की सुनीता यादव को डॉ. मुकुटधर पांडेय स्मृति पुरस्कार तथा रायगढ़ के भोजराम पटेल को डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
सम्मानित होने वाले शिक्षकों की सूची में रायपुर से लेकर बस्तर और सरगुजा से लेकर जशपुर तक के नाम शामिल हैं। इनमें प्राचार्य, प्रधानपाठक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक—सभी श्रेणियों के शिक्षक मौजूद हैं। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान का प्रतीक है, बल्कि प्रदेश में शिक्षा के प्रति समर्पण और गुणवत्ता सुधार की दिशा में की गई मेहनत का भी सम्मान है।
राज्यपाल पुरस्कार पाने वाले ये शिक्षक आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे और प्रदेश के शैक्षिक परिवेश को नई ऊँचाई देंगे।











