T20 Series 2026: शारजाह। अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में क्रिकेट के रोमांच के साथ मैदान पर जबरदस्त ड्रामा भी देखने को मिला। अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान और जिम्बाब्वे के बल्लेबाज रयान बर्ल के बीच मैदान पर तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों खिलाड़ी पिच पर आमने-सामने आ गए और मामला बढ़ता देख अंपायरों को बीच-बचाव करना पड़ा। हालांकि, कुछ देर बाद राशिद खान ने डगआउट में बैठे रयान बर्ल की तरफ फ्लाइंग किस देकर माहौल हल्का कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आखिर किस बात पर भिड़े राशिद और रयान बर्ल?
यह पूरा मामला जिम्बाब्वे की पारी के 9वें ओवर में देखने को मिला। ओवर की दूसरी गेंद पर राशिद खान ने रयान बर्ल के खिलाफ LBW की जोरदार अपील की, लेकिन मैदानी अंपायर ने बल्लेबाज को नॉट आउट करार दिया।
सीरीज में DRS की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण राशिद इस फैसले से नाराज नजर आए। ओवर की पांचवीं गेंद के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पिच पर आमने-सामने आ गए।
अंपायरों को करना पड़ा बीच-बचाव
मैदान पर बढ़ते तनाव को देखते हुए अंपायर अहमद शाह पकतीन ने दोनों खिलाड़ियों को अलग किया। हालांकि, ओवर खत्म होने के बाद भी माहौल पूरी तरह शांत नहीं हुआ। इसके बाद दूसरे अंपायर फारूक खान को भी हस्तक्षेप करना पड़ा।
फ्लाइंग किस देकर राशिद ने खत्म किया विवाद
मैदान पर तीखी बहस के बाद मुकाबले में एक दिलचस्प पल भी देखने को मिला। डगआउट में बैठे रयान बर्ल की तरफ राशिद खान ने फ्लाइंग किस किया। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तनावपूर्ण माहौल हल्के-फुल्के अंदाज में बदल गया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है।
नूर अहमद की फिरकी में फंसी जिम्बाब्वे की टीम
मुकाबले की बात करें तो अफगानिस्तान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए जिम्बाब्वे को महज 79 रनों पर समेट दिया। जिम्बाब्वे की ओर से रयान बर्ल ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। अफगानिस्तान के स्पिनर नूर अहमद ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3.3 ओवर में 13 रन देकर पांच विकेट झटके। यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला पांच विकेट हॉल रहा।
T20 Series 2026: 49 गेंदों में अफगानिस्तान ने जीता मैच
T20 Series 2026: 80 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने महज 49 गेंदों में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में जिम्बाब्वे का 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। मैच में अफगानिस्तान की एकतरफा जीत के साथ राशिद खान और रयान बर्ल के बीच मैदान पर हुई नोकझोंक और फिर फ्लाइंग किस वाला अंदाज भी चर्चा का बड़ा विषय बन गया।