भोपाल। Bhopal Mass Murder Suicide: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज, दिल नहला देने वाला और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक ही परिवार के चार सदस्यों की निर्मम हत्या के बाद परिवार के मुखिया द्वारा ट्रेन से कटकर खुदकुशी किए जाने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। घर के भीतर चार लोगों के खून से लथपथ शव मिलने और सूखी सेवनिया क्षेत्र में मुखिया की लाश बरामद होने के बाद पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित मकान के अंदर से जब पुलिस को सूचना मिली, तो मौके पर पहुँचे अधिकारियों के भी होश उड़ गए। घर के अंदर चार शव पाए गए, जिनकी गला रेतकर बेरहमी से हत्या की गई थी। इसके कुछ ही देर बाद परिवार के मुखिया यानी नरेंद्र साहू (35) की लाश थाना सूखी सेवनिया क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुई।
पुलिस सूत्रों की मानें तो अब तक की शुरुआती जांच और साक्ष्यों से यही सामने आ रहा है कि नरेंद्र साहू ने किसी अज्ञात या गृह क्लेश के कारण अपने दो मासूम बच्चों, पत्नी और बुजुर्ग मां की धारदार हथियार से गला रेतकर सामूहिक हत्या की और फिर खुद गाँव के पास जाकर ट्रेन के सामने छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली।
Read More : T20 Series 2026: पिच पर अचानक भिड़ गए राशिद खान और रयान बर्ल, फिर कुछ ऐसा किया कि VIDEO हो गया वायरल!
इस खौफनाक वारदात में जान गंवाने वाले मृतकों में नरेंद्र साहू की बुजुर्ग मां सरस्वती साहू (50 वर्ष), पत्नी सोमलता साहू (29 वर्ष), 10 वर्षीय मासूम बेटी कृति साहू और केवल 6 वर्ष का छोटा बेटा खुश साहू शामिल हैं। हंसते-खेलते पूरे परिवार का इस तरह दर्दनाक अंत होने से पड़ोसियों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, एफएसएल (FSL) की फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुँच गए हैं। छोला मंदिर स्थित मकान को सील कर दिया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं सूखी सेवनिया थाना पुलिस ने रेलवे ट्रैक से नरेंद्र साहू का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस हर संभावित कोण से मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस खौफनाक सामूहिक हत्याकांड और खुदकुशी के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।