आगर मालवा। Nishaanebaz.com-Agar Malwa Nalkheda Car Accident: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नलखेड़ा से शनिवार सुबह एक अत्यंत हृदयविदारक और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मां बगलामुखी मंदिर के ठीक सामने स्थित उफनते बरसाती नाले को पार करने के प्रयास में श्रद्धालुओं से भरी एक कार तेज बहाव में बह गई। इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार सभी 8 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित श्रद्धालु उड़ीसा के रहने वाले बताए जा रहे हैं जो उज्जैन में महाकालेश्वर के दर्शन करने के बाद टैक्सी (एस्प्रेसो कार, क्रमांक MP 13 AF 7135) से नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर दर्शन-पूजन के लिए आए थे। क्षेत्र में बीते 24 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश (करीब 3.7 इंच) के कारण मंदिर के प्रवेश मार्ग पर बनी पुलिया के ऊपर से बरसाती नाला तेज रफ्तार में बह रहा था। तड़के अंधेरे और पानी के तेज वेग का सही अंदाजा न होने के कारण कार अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गई।
Read More : Indore Chhatron Ki Goonj Live: इंदौर में राहुल गांधी का ‘मेगा शो’, 30 साल से अधिक उम्र वालों की नो-एंट्री
पानी का बहाव इतना जबरदस्त था कि वाहन अनियंत्रित होकर नाले में काफी दूर तक बहता चला गया। हादसे के समय आसपास मौजूद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तुरंत पुलिस व प्रशासनिक अमले को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोर और एसडीआरएफ (SDRF) की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची और भारी
बारिश के बीच नाले में त्वरित बचाव अभियान शुरू किया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने नाले में डूबी कार को खोजकर सभी 8 शवों को बाहर निकाल लिया है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया गया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने उड़ीसा स्थित श्रद्धालुओं के परिजनों से संपर्क साध कर शिनाख्त और अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से उफनते नदी-नालों को पार न करने की सख्त अपील की है।







[…] Agar Malwa Nalkheda Car Accident: नलखेड़ा में बगलामुखी मंद… […]