Monday, October 5, 2026
Home Madhya Pradesh Sanjay Gandhi Hospital Clash: नर्सिंग ऑफिसर से मारपीट के विरोध में उतरा...

Sanjay Gandhi Hospital Clash: नर्सिंग ऑफिसर से मारपीट के विरोध में उतरा नर्सिंग एसोसिएशन, 48 घंटे का अल्टीमेटम

रीवा। Nishaanebaz.com-Sanjay Gandhi Hospital Rewa: रीवा के संजय गांधी अस्पताल के कैजुअल्टी डिपार्टमेंट में रविवार की देर रात हुई मारपीट और हंगामे की घटना ने तूल पकड़ लिया है। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात एक नर्सिंग ऑफिसर के घायल होने के मामले में अब नर्सिंग एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपना लिया है। एसोसिएशन ने अस्पताल प्रबंधन को 48 घंटे के भीतर आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने का अल्टीमेटम दिया है, जिसे लेकर सोमवार को संगठन के सदस्यों ने प्रभारी डीन को एक ज्ञापन सौंपा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब प्रशासनिक अमला और पुलिस भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के स्वागत और अगवानी में व्यस्त था। इसी दौरान संजय गांधी अस्पताल के कैजुअल्टी डिपार्टमेंट में किसी मरीज के परिजन और चिकित्सकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस अफरा-तफरी के माहौल में एक मरीज की देखभाल में जुटी नर्सिंग ऑफिसर भी इस अप्रत्याशित झड़प का शिकार हो गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के शांत होने के बाद एक तरफ जहां मरीज के परिजनों और चिकित्सकों द्वारा इस पूरे विवाद को लेकर अपने-अपने अलग-अलग दावे और तर्क पेश किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ड्यूटी पर तैनात मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घायल नर्सिंग ऑफिसर के समर्थन में आए नर्सिंग संगठन ने कड़ा ऐतराज जताते हुए प्रबंधन को दो दिन की मोहलत दी है। संगठन की अध्यक्ष अंबिका तिवारी ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि निर्धारित समय के भीतर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो नर्सिंग स्टाफ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के अन्य पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here