Janjgir Food Poisoning Case: जांजगीर-चांपा के प्रवासी परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, इंदौर में फूड पॉइजनिंग से तीन मासूम बहनों की मौत

VIKASH KHALKHO

जांजगीर-चांपा। Nishaanebaz.com-Janjgir Food Poisoning Case: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम मुरलीडीह (मूलमुला) से मध्य प्रदेश के इंदौर क्षेत्र में मजदूरी करने गए एक ही परिवार की तीन मासूम बेटियों की संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान आशी (10 वर्ष), विशुका (8 वर्ष) और विधि (6 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, इंदौर के समीप पीथमपुर स्थित एक कंपनी में कार्यरत नरेंद्र सिंह सांडे अपनी पत्नी अमरोतिन और तीनों बेटियों के साथ बेटमा थाना क्षेत्र के काली बिल्लोद स्थित लाइफ सिटी कॉलोनी में रहते थे। 23 अगस्त की शाम परिवार ने पिज्जा खाया था और इसके बाद एक परिचित के घर दाल-बाटी का सेवन किया था, जिसके बाद पूरे परिवार की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

घटनाक्रम के अनुसार, 23 अगस्त की देर रात पूरे परिवार को उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान बेटमा क्षेत्र के स्थानीय अस्पताल में 25 अगस्त की रात दो मासूम बेटियों विशुका और विधि ने दम तोड़ दिया। अचानक दो बच्चियों की मौत से बेसुध परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही दोनों के शवों को एम्बुलेंस से अपने पैतृक गांव मुरलीडीह के लिए लेकर रवाना हो गए। हालांकि, यात्रा के दौरान रास्ते में बड़ी बेटी आशी की हालत भी अत्यंत गंभीर हो गई, जिसके बाद वाहन को होशंगाबाद जिले के इटारसी स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

Read More : Raipur Crime News: नाबालिग से झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले दोषी को 20 साल का कठोर कारावास, रायपुर पॉक्सो कोर्ट का बड़ा फैसला

इस दुखद घटना की सूचना मिलने के बाद इटारसी पुलिस तुरंत हरकत में आई और अस्पताल पहुंचकर मर्ग कायम किया। इटारसी में ही तीनों बच्चियों के शवों का विधिवत पोस्टमार्टम कराया गया है। गंभीर रूप से बीमार माता-पिता नरेंद्र और उनकी पत्नी अमरोतिन का फिलहाल इटारसी के शासकीय अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शवों से बिसरा सैंपल एकत्र कर फोरेंसिक लैब भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का वैज्ञानिक खुलासा हो सके।

Read More : जन्माष्टमी की तैयारी में कहीं कर न दें ये गलती! जानें लड्डू गोपाल की मूर्ति साफ करने का सही तरीका

मामले की जांच कर रहे बेटमा और इटारसी थाना प्रभारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की ही आशंका जताई जा रही है। बेटमा पुलिस ने लाइफ सिटी स्थित उनके निवास स्थान से खाद्य पदार्थों और पानी के सैंपल एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि जिस पारिवारिक मित्र के घर वे भोजन करने गए थे, उनका परिवार पूरी तरह स्वस्थ है, इसलिए शुरुआती जांच में पिज्जा या अन्य किसी संदिग्ध खाद्य पदार्थ से विषाक्तता होने का संदेह है। जांच रिपोर्ट और बिसरा एनालिसिस आने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *