St Annes Sehore Republic Day : सीहोर। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में सेंट ऐन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने अपनी प्रतिभा और अनुशासन का लोहा मनवाते हुए लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय की इस ‘हैट्रिक’ जीत ने न केवल स्कूल प्रबंधन बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
समारोह का शुभारंभ जिला कलेक्टर श्री बाला गुरु द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने मध्य प्रदेश गान की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। समारोह का मुख्य आकर्षण लगभग 180 विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्य रहा। इस प्रस्तुति में नारी शक्ति, ऑपरेशन सिंदूर, कश्मीर के लोक नृत्य और भारतीय सेना के जांबाज़ सैनिकों के शौर्य का भावपूर्ण चित्रण किया गया। विद्यार्थियों के सटीक तालमेल और जीवंत अभिव्यक्ति ने वहां मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस भव्य सफलता के पीछे विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर अलका, शिक्षिका श्रीमती वत्सला शर्मा, श्रीमती पल्लवी जैसवाल और श्री मोहित ठाकुर का कुशल निर्देशन व विद्यार्थियों का कठिन परिश्रम रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला कलेक्टर श्री बाला गुरु, पुलिस अधीक्षक एवं जिला पंचायत प्रतिनिधियों ने विद्यालय को प्रथम पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व, विद्यालय परिसर में भी गणतंत्र दिवस गरिमामय ढंग से मनाया गया। विद्यालय की मैनेजर सिस्टर सिल्वी और प्राचार्या सिस्टर अलका ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सिस्टर मैनेजर ने विद्यार्थियों को देश के प्रति समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। विद्यालय परिवार के लिए यह उपलब्धि राष्ट्रीय भावना और सामूहिक प्रयासों की जीत का प्रतीक बनी है।













