Saturday, September 12, 2026
Home Madhya Pradesh Singrauli News: घरवाले सोते रहे, चोरों ने बनाया निशाना—नकदी और लाखों के...

Singrauli News: घरवाले सोते रहे, चोरों ने बनाया निशाना—नकदी और लाखों के जेवर लेकर फरार

Singrauli News: जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। वैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र डकैती कांड का खुलासा अभी पुलिस नहीं कर पाई है, इसी बीच मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात बरगवां थाना क्षेत्र के पतेरी गांव में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। अज्ञात चोर घर में घुसे और नकदी सहित लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

घरवालों को कमरे में बंद कर दिया
जानकारी के अनुसार पतेरी निवासी नारायण प्रसाद चतुर्वेदी के घर देर रात चोर घुसे। शातिर चोर ऊपरी मंजिल से नीचे आए और जिन कमरों में परिवार के लोग सो रहे थे, उनके दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया, ताकि जागने पर भी कोई बाहर न निकल सके। बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 2 बजे की है। इसी दौरान घर की एक महिला को आहट सुनाई दी। जब उसने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की तो वह बाहर से बंद मिला। महिला के शोर मचाने पर चोर जल्दबाजी में सामान समेटकर फरार हो गए।

संदूक और अलमारी तोड़कर उड़ाए जेवर
चोरों ने घर में रखी आलमारी और संदूक तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश करीब 70 हजार रुपये नकद और लगभग 9 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में सोने के कंगन, दो मंगलसूत्र, झुमका, नथिया, अंगूठी, सोने की चेन, चांदी के आभूषण, महंगी साड़ियां, बैंक पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज शामिल बताए जा रहे हैं।

Singrauli News: गांव में दहशत, पुलिस पर सवाल
बरगवां बाजार में कुछ दिन पहले आभूषण दुकान में लाखों की चोरी के बाद अब पतेरी गांव में हुई इस वारदात से लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस नियमित रात्रि गश्त करती तो ऐसी घटनाएं नहीं होतीं।

Singrauli News: सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी कहीं न कहीं कैमरों में कैद हुए होंगे

mp news : कटनी में मदरसा छात्रों की हिरासत पर सियासत गरम, कांग्रेस ने उठाए सवाल

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here