Shajapur Illegal Mining News : शाजापुर में माफिया राज: मिट्टी चोरी का विरोध करने पर किसान को पीटा, बंदूक तानकर दी धमकी

VIKASH KHALKHO

Shajapur Illegal Mining News : शाजापुर (संवाददाता किशोर नाथ राजगुरु): जिले के सलसलाई थाना क्षेत्र के ग्राम अलाई में अवैध उत्खनन रोकने पर दबंगों के कहर का मामला सामने आया है। नर्मदा पाइपलाइन का काम कर रहे ठेकेदार और उसके साथियों ने एक किसान के खेत से जबरन उपजाऊ मिट्टी निकालने का विरोध करने पर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने न केवल उन्हें बेरहमी से पीटा, बल्कि बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और किसान की झोपड़ी को आग के हवाले कर दिया।

बिना नंबर के डंपरों से ‘मिट्टी का काला खेल’: पीड़ित किसान बाबूलाल मेवाड़ा ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र में नर्मदा पाइपलाइन की आड़ में मिट्टी का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। बिना नंबर प्लेट के ओवरलोड डंपर बेखौफ होकर खेतों से मिट्टी चोरी कर बाजार में बेच रहे हैं। जब बाबूलाल ने अपने खेत की मिट्टी ले जाने से मना किया, तो ठेकेदार प्रहलाद और उसके 7-8 साथियों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए बेटे को भी गंभीर चोटें आई हैं।

आगजनी और दहशत का माहौल: हमलावरों की हिमाकत इतनी बढ़ गई कि उन्होंने किसान के खेत पर बनी झोपड़ी में आग लगा दी, जिससे उसमें रखा पशुओं का चारा जलकर राख हो गया। दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने किसान पर बंदूक तान दी। पीड़ित परिवार ने सलसलाई थाने में आवेदन देकर सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *