Sehore Wild Animal Attack : सीहोर/भैरूंदा। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भेरूंदा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक जंगली सियार ने अचानक आबादी वाले क्षेत्र में घुसकर उत्पात मचा दिया। सियार ने बेहद कम समय में एक के बाद एक कुल आठ लोगों पर जानलेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, सियार जंगल की ओर से अचानक बस्ती में दाखिल हुआ और राह चलते ग्रामीणों पर झपट्टा मारना शुरू कर दिया। हमले का शिकार हुए लोगों में बच्चे भी शामिल हैं, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। सियार के इस हिंसक व्यवहार ने पूरे गांव में दहशत पैदा कर दी है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए सियार को भगाया और घायलों को संभाला।
सभी आठ घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल भेरूंदा ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है। अस्पताल के डॉ. मनीष जायसवाल ने बताया कि घायलों को सियार के काटने के गहरे घाव आए हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है और सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
ग्राम पंचायत सरपंच सुभाष पवार ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जंगल से सटे इलाकों में वन्यजीवों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। सियार के इस हमले ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और ग्रामीणों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वन्यप्राणियों को आबादी क्षेत्र में आने से रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।













