सीहोर: जिले के रेहटी तहसील क्षेत्र में शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। ओडिया-दीपाखेड़ा मोड़ के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे करीब 20 लोग घायल हो गए। सभी लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
ट्राली में सवार थे करीब 40 महिला-पुरुष और बच्चे
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्राली में लगभग 40 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। ये लोग होशंगाबाद जिले के होरिया पीपली गांव में आयोजित शादी कार्यक्रम में शामिल होकर भेरूंदा क्षेत्र के ग्राम चींटीखेड़ा वापस लौट रहे थे।
संतुलन बिगड़ते ही सड़क किनारे पलटी ट्राली
बताया जा रहा है कि सामने से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे पलट गई और सवार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Read More : M.P News : रीवा में फिर सक्रिय हुआ ‘नमस्ते गैंग’! लिफ्ट देकर अधेड़ की जेब से उड़ाए 50 हजार रुपये
घायलों को सिविल अस्पताल रेहटी में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही 100 डायल और अन्य वाहनों की मदद से घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल रेहटी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह रही कि किसी की मृत्यु की सूचना सामने नहीं आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर रेहटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है।













