Sehore News : सुनील शर्मा, सीहोर। सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में 14 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले रूद्राक्ष महोत्सव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। आयोजन के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का विस्तृत प्लान तैयार किया गया है।
Sehore News : पुलिस महानिरीक्षक संजय तिवारी और एसपी दीपक शुक्ला ने अंतर-जिला अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की रणनीति तय की। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
Sehore News : यातायात व्यवस्था के तहत 12 फरवरी सुबह 6 बजे से भारी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। भोपाल के मुबारकपुर जोड़ और इंदौर-देवास मार्ग से आने वाले बड़े वाहनों को ब्यावरा-मक्सी मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा। हालांकि आम श्रद्धालुओं के वाहनों को सीधे कुबेरेश्वर धाम तक जाने की अनुमति रहेगी, जहां विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है।
Sehore News : रेलवे स्टेशनों पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई गई है और आरपीएफ के साथ समन्वय स्थापित किया गया है ताकि भीड़ प्रबंधन सुचारु रूप से हो सके।
Sehore News : अधिकारियों ने कथा पंडाल, भोजनशाला और कॉरिडोर का निरीक्षण कर बिजली, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आयोजन को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।













