SECL Mine : कोरबा : SECL खदान में ब्लास्टिंग के दौरान बड़ा हादसा हुआ, जिसमें पत्थर की चपेट में आकर एक 60 वर्षीय ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने ब्लास्टिंग पर सवाल खड़े करते हुए SECL प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए। घटना कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सुवाभोंडी के पास स्थित SECL दीपका खदान की बताई जा रही है।
SECL Mine : मृतक की पहचान रेकी गांव निवासी लखन लाल पटेल के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हैवी ब्लास्टिंग के दौरान बड़े पत्थर काफी दूर तक उछले और उनमें से एक पत्थर सीधे लखन लाल पटेल पर जा गिरा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
SECL Mine : ग्रामीणों का कहना है कि हैवी ब्लास्टिंग को लेकर वे पहले से ही विरोध जता रहे थे। दो दिन पहले SECL के मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय में ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच हुई बैठक में यह सहमति बनी थी कि भारी ब्लास्टिंग नहीं की जाएगी। इसके बावजूद ब्लास्टिंग जारी रहने से ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई।
SECL Mine : ग्रामीण प्रतिनिधियों ने कहा कि ब्लास्टिंग के कारण आसपास के गांवों में कई तरह की समस्याएं पैदा हो रही हैं। घरों में दरारें पड़ रही हैं, कई मकानों के हिस्से टूट चुके हैं, वहीं बोरवेल और कुएं सूखने जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। इन समस्याओं की शिकायतें पहले भी की गई थीं।
SECL Mine : हादसे की सूचना मिलते ही हरदीबाजार और कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम पाली भी घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल और CISF के जवान तैनात किए गए हैं।
SECL Mine : ग्रामीण और परिजन मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को SECL में नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।













