Pithora Forest Department News : पिथौरा : भावुक विदाई और सम्मान के साथ सेवानिवृत्त हुए उपवनक्षेत्रपाल सालिकराम डड़सेना; 43 वर्षों के सेवा सफर का हुआ समापन

VIKASH KHALKHO

Pithora Forest Department News : पिथौरा (महासमुंद)। स्थानीय परिक्षेत्र कार्यालय के प्रांगण में बीते 31 जनवरी को पिथौरा वनपरिक्षेत्र में पदस्थ उपवनक्षेत्रपाल सालिकराम डड़सेना के लिए एक गरिमामयी विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अमले और कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों ने डड़सेना के चार दशक लंबे सेवाकाल की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त वनमंडलाधिकारी (सरायपाली) यू. आर. बसंत ने की।

दैनिक वेतन से रेंजर पद तक की संघर्ष गाथा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सालिकराम डड़सेना अपने संबोधन के दौरान भावुक हो गए। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण सफर को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 1983 में पिथौरा काष्ठागार में एक दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्य प्रारंभ किया था। अपनी निष्ठा के बल पर वे 1990 में वनरक्षक, 2012 में वनपाल और 2018 में उपवनक्षेत्रपाल के पद पर पदोन्नत हुए। उन्होंने बस्तर के चारामा, कांकेर, भानुप्रतापपुर सहित उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व और बारनवापारा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दीं।

कर्मचारी संघ और समाज सेवा में अग्रणी सालिकराम डड़सेना केवल एक शासकीय अधिकारी ही नहीं, बल्कि कर्मचारी हितों के बड़े पैरोकार भी रहे। उन्होंने भारतीय मजदूर संघ के माध्यम से सैकड़ों कर्मचारियों को नियमित कराने में अहम भूमिका निभाई। वे 10 वर्षों तक छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ महासमुंद के जिला अध्यक्ष रहे। साथ ही, सिन्हा कलार समाज के जिला अध्यक्ष और प्रांतीय पदाधिकारी के रूप में उन्होंने समाज सेवा में भी अनुकरणीय योगदान दिया।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डड़सेना की धर्मपत्नी संतोषी डड़सेना मौजूद रहीं। अतिविशिष्ट अतिथियों में न्यायिक मजिस्ट्रेट (पिथौरा) सौरभ बारा एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट (बसना) मनजीत जांगड़े ने शिरकत की। मंचासीन वक्ताओं, जिनमें प्रवीण प्रवाह, उमेश दीक्षित और रमेश सिंह ठाकुर शामिल थे, ने डड़सेना की नेतृत्व क्षमता और मृदुभाषी व्यक्तित्व की प्रशंसा की। सेवानिवृत्त डिप्टी रेंजर रतन सिंह डड़सेना ने सालिकराम के जीवन परिचय का विस्तृत वाचन किया।

नई पारी के लिए शुभकामनाएं समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सालिकराम डड़सेना और वनरक्षक प्रशिक्षण शाला के सेवानिवृत्त वनपाल मो. शफी को शाल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। सभी ने उनके सुखद, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम का सफल संचालन राजाराम पटेल ने और आभार प्रदर्शन डिप्टी रेंजर ननकुसिया साहू ने किया।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *