निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। वे पिछले कई दिनों से वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे और उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, खानचंद सिंह स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। बीमारी बढ़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था।
गंभीर स्वास्थ्य स्थिति और इलाज
बताया जा रहा है कि उनकी किडनी भी प्रभावित हो चुकी थी, जिसके चलते उन्हें लगातार रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जा रही थी। तमाम प्रयासों के बावजूद शुक्रवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दुखद खबर के बाद परिवार और करीबी रिश्तेदारों में शोक की लहर है।
वर्ल्ड कप के बीच परिवार के साथ रहे रिंकू
टी20 वर्ल्ड कप के दौरान रिंकू सिंह अपने पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर टीम छोड़कर नोएडा पहुंचे थे। हालांकि बाद में वे भारतीय टीम से दोबारा जुड़ गए, लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बने।
अब Rinku Singh Father Death की खबर के बाद संभावना जताई जा रही है कि वे कुछ समय के लिए क्रिकेट से ब्रेक ले सकते हैं। हालांकि, इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
हरभजन सिंह समेत कई दिग्गजों ने जताया शोक
पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए रिंकू सिंह के पिता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
क्रिकेट जगत के कई अन्य खिलाड़ियों और प्रशंसकों ने भी रिंकू सिंह को इस कठिन समय में हिम्मत रखने का संदेश दिया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रिंकू सिंह अपने पिता के बेहद करीब माने जाते थे। उनके संघर्षपूर्ण सफर में खानचंद सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे में यह व्यक्तिगत क्षति रिंकू और उनके परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक मानी जा रही है।फिलहाल अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं और पूरे परिवार में शोक का माहौल है।











