C.G News : छत्तीसगढ़ में तेज हुई गर्मी की दस्तक, तीन दिन में और चढ़ेगा पारा

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण कुछ दिनों तक हल्की बारिश और बादल छाए रहे, लेकिन अब आसमान साफ होते ही तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में दिन का तापमान क्रमशः बढ़ेगा, जबकि रात के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।

 33.6 डिग्री तक पहुंचा पारा

राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 0.4 डिग्री अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह के भीतर अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। यदि यही ट्रेंड जारी रहा तो राजधानी रायपुर में पारा 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।

Read More : M.P News : होली पर इंदौर-खड़की के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को बड़ी राहत

रायपुर और राजनांदगांव सबसे गर्म

राजनांदगांव में सबसे अधिक 34 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि रायपुर में भी पारा 34 डिग्री के करीब रहा। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिससे वहां सुबह के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अब गर्मी का प्रभाव स्पष्ट दिखाई देने लगा है।

राजधानी रायपुर का ताजा पूर्वानुमान

27 फरवरी को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम लगभग 19°C रहने की संभावना है। दिन में धूप तेज रहेगी, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंडक का अहसास होगा।

होली के बाद बढ़ेगी तपिश

मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में भी तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। संकेत हैं कि होली के बाद प्रदेश में अच्छी-खासी गर्मी पड़ सकती है। लोगों ने कूलर और पंखों की सफाई शुरू कर दी है, क्योंकि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज होने की संभावना है।छत्तीसगढ़ में मौसम का यह बदलाव साफ संकेत दे रहा है कि अब ठंड विदा ले चुकी है और गर्मी ने दस्तक दे दी है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *