रीवा में बीच रास्ते युवक की बेरहमी से पिटाई, बस से उतारकर 10 बदमाशों ने किया हमला

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश के रीवा शहर में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बिछिया थाना क्षेत्र के चिरहुला नाथ हनुमान मंदिर गेट के सामने गुरुवार देर रात एक युवक के साथ सरेआम मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि करीब 10 से अधिक युवकों ने बस से जबरन उतारकर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बस से उतारकर सड़क पर घेरकर की पिटाई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक गौतम बस में सवार होकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान कुछ युवक बस में चढ़े और उसे जबरन नीचे उतार लिया। इसके बाद सड़क पर ही उसे घेरकर लात-घूंसों से मारना शुरू कर दिया। मारपीट इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए।घटना स्थल पर देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन बदमाशों के डर से कोई भी व्यक्ति बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

डायल 112 की मौजूदगी में चलता रहा हंगामा

घटना के दौरान डायल 112 पुलिस वाहन भी मौके पर पहुंच गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस वाहन सायरन बजाता रहा, लेकिन बदमाशों पर तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की गई। इस कारण युवक की पिटाई काफी देर तक चलती रही। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Read More : M.P News : भोपाल में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली तेज, वीकेंड पर 169 स्थानों पर लगाए जाएंगे विशेष शिविर

वायरल वीडियो से खुली घटना की परतें

मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। वीडियो में कई युवक मिलकर एक युवक को घेरकर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना बिछिया थाना क्षेत्र की है और वीडियो भी उसी दौरान का है।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की पहचान

बिछिया थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले युवकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग शहर की कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *