M.P News : रीवा की बेटी ने देशभर में लहराया परचम! समीक्षा द्विवेदी ने UPSC में हासिल की 56वीं रैंक

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्यप्रदेश के रीवा संभाग के मऊगंज जिले के एक छोटे से गांव डगडौवा की रहने वाली समीक्षा द्विवेदी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में देशभर में 56वीं रैंक हासिल कर विंध्य क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।

छोटे गांव से राष्ट्रीय मंच तक का सफर

समीक्षा द्विवेदी का जन्म मऊगंज जिले के डगडौवा गांव में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इंदौर में प्राप्त की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वह चेन्नई चली गईं, जहां उन्होंने तकनीकी पढ़ाई पूरी की। आगे चलकर उन्हें आईआईटी में दाखिला मिला और इसके बाद उन्होंने एक मल्टीनेशनल सॉफ्टवेयर कंपनी में काम भी किया।

नौकरी के साथ जारी रखी UPSC की तैयारी

समीक्षा ने बताया कि कॉर्पोरेट सेक्टर में काम करने के दौरान ही उनके मन में समाज के लिए कुछ बेहतर करने की भावना जागी। इसी उद्देश्य से उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी शुरू की।उन्होंने नौकरी के साथ-साथ लगातार पढ़ाई जारी रखी और हर प्रयास से अनुभव प्राप्त किया।

चार बार असफलता, लेकिन नहीं छोड़ा हौसला

समीक्षा का कहना है कि उनका चयन पांचवें प्रयास में हुआ है। इससे पहले वह चार बार UPSC परीक्षा में शामिल हुईं, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।उन्होंने बताया कि पहले प्रयासों में कभी धैर्य की कमी तो कभी एकाग्रता में कमी के कारण लक्ष्य हासिल नहीं हो पाया। हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और पांचवें प्रयास में पूरी लगन और फोकस के साथ तैयारी की, जिसका परिणाम उनकी शानदार सफलता के रूप में सामने आया।

Read More : रीवा में बीच रास्ते युवक की बेरहमी से पिटाई, बस से उतारकर 10 बदमाशों ने किया हमला

परिवार का मिला पूरा सहयोग

समीक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया है। उनके पिता श्रीनिवास द्विवेदी मूल रूप से मऊगंज जिले के निवासी हैं और वर्तमान में क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, भोपाल में कार्यरत हैं।

युवाओं के लिए बनी प्रेरणा

समीक्षा द्विवेदी की सफलता यह साबित करती है कि लगातार मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।उनकी उपलब्धि न केवल मऊगंज और रीवा बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *