Tuesday, August 18, 2026
Home Madhya Pradesh Rewa Police Brutality : खाकी की बर्बरता: रीवा के प्रकाश चौराहे पर...

Rewa Police Brutality : खाकी की बर्बरता: रीवा के प्रकाश चौराहे पर महिला पर लाठियां बरसाता आरक्षक, वीडियो वायरल; पुलिस की ‘जन सेवा’ पर उठे सवाल

Rewa Police Brutality : रीवा। मध्य प्रदेश सरकार जहाँ एक ओर महिला सुरक्षा और सम्मान के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं रीवा पुलिस का एक अमानवीय चेहरा सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में सिटी कोतवाली थाने में तैनात आरक्षक अमित सिंह चौहान एक निहत्थी महिला के पैरों पर ताबड़तोड़ डंडे बरसाता दिखाई दे रहा है। यह घटना रामनवमी की शाम शहर के व्यस्ततम प्रकाश चौराहे की बताई जा रही है, जहाँ शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरक्षक अमित सिंह चौहान एक हाथ में डंडा लिए महिला के साथ न केवल बदसलूकी कर रहा है, बल्कि उसके पैरों पर बेदर्दी से प्रहार कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि मौके पर तीन-चार अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी अपने साथी को इस बर्बरता से नहीं रोका। बिल्डिंग की छत पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया और शनिवार को इसे सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद आम जनता में भारी रोष है। लोग पुलिस के “देश भक्ति-जन सेवा” के नारे का मखौल उड़ाते हुए तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि, पीड़ित महिला कौन है और किस बात को लेकर विवाद हुआ था, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि घटना का वीडियो सामने आने के कई घंटों बाद भी पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।

यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है, क्योंकि कानून की रक्षा करने वाली वर्दी ही सरेआम एक महिला पर हाथ उठाती नजर आ रही है। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने दोषी आरक्षक के विरुद्ध तत्काल निलंबन और कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि रीवा पुलिस प्रशासन अपने इस ‘दागी’ आरक्षक पर क्या रुख अपनाता है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here