Rewa Medical College Ragging News : रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा स्थित श्याम शाह मेडिकल कॉलेज (SSMC) में सोमवार दोपहर रैगिंग के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यूजी हॉस्टल में सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसमें आधा दर्जन से अधिक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हंगामे की हद तो तब हो गई जब घायल छात्रों का इलाज करने के दौरान अस्पताल में भी दोनों गुट आपस में भिड़ गए।
हॉस्टल में लाठियों से हमला मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को सीनियर छात्र अचानक यूजी हॉस्टल पहुँचे और फ्रेशर छात्रों के साथ रैगिंग शुरू कर दी। जब जूनियर छात्रों ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। सीनियर छात्रों ने सुनियोजित तरीके से लाठियों और डंडों से जूनियर्स पर हमला बोल दिया। इस हमले में लगभग 6 छात्रों के सिर फूट गए और कई को अंदरूनी चोटें आईं।
संजय गांधी अस्पताल बना अखाड़ा घायल जूनियर छात्रों को इलाज के लिए तुरंत संजय गांधी अस्पताल के आकस्मिक वार्ड (Casualty) ले जाया गया। आरोप है कि इलाज के दौरान भी सीनियर छात्र वहां पहुँच गए और डॉक्टरों व मरीजों के सामने ही घायल जूनियर्स को दोबारा दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मी मूकदर्शक बने रहे और छात्र एक-दूसरे पर हमला करते रहे।
कॉलेज प्रशासन पर उठ रहे सवाल घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल और सीएमओ डॉ. इशिता अग्रवाल मौके पर पहुँचे। पीड़ित छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में रैगिंग और मारपीट की घटनाएं अक्सर होती हैं, लेकिन हर बार प्रशासन केवल ‘कार्यवाही का आश्वासन’ देकर मामले को दबा देता है। डीन डॉ. अग्रवाल ने इस बार दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही है।











