Bichhiya Police Action : रीवा। बिछिया थाना क्षेत्र के सिलपरा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी बेटे ने संपत्ति के लालच में अपने ही 90 वर्षीय पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के केंद्र में 90 वर्षीय सेवानिवृत्त पटवारी राम रतन वर्मा हैं, जिनके परिवार में संपत्ति को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। जानकारी के अनुसार, राम रतन वर्मा ने अपने जीवन में तीन शादियां की थीं। तीन पत्नियों से हुई संतानें जमीन और जायदाद के बंटवारे को लेकर अक्सर उन पर दबाव बनाती रहती थीं। शनिवार की शाम यही पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।
विवाद उस समय बढ़ा जब तीसरी पत्नी के बेटे ने संपत्ति बंटवारे की बात को लेकर अपने पिता से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बेटे ने आव देखा न ताव और अपने 90 वर्षीय पिता पर प्राण घातक हमला कर दिया। हमले के दौरान बुजुर्ग पटवारी लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए और पुलिस को सूचना दी गई।
बिछिया थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया और आरोपी बेटे को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में संपत्ति विवाद ही हमले का मुख्य कारण निकलकर सामने आया है।
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक उम्र और सिर पर गहरी चोट लगने के कारण बुजुर्ग की हालत चिंताजनक है। इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है। लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि जिस पिता ने उम्र भर बच्चों की परवरिश की, उसी के खून ने बुढ़ापे की लाठी बनने के बजाय उन पर हमला कर दिया। पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।













