Friday, September 25, 2026
Home Madhya Pradesh Rewa Breaking : रतहरा बाईपास पर आग का गोला बना ट्रक, चालक...

Rewa Breaking : रतहरा बाईपास पर आग का गोला बना ट्रक, चालक और परिचालक ने कूदकर बचाई जान

Rewa Breaking : रीवा: रीवा जिले के रतहरा बाईपास मार्ग पर सोमवार को एक भीषण हादसा होते-होते टल गया। हाईवे पर दौड़ रहा एक मालवाहक ट्रक अचानक धू-धू कर जलने लगा। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक चंद मिनटों में ही आग का गोला बन गया। गनीमत यह रही कि ट्रक के केबिन में आग की लपटें पहुंचती, उससे पहले ही चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलते ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही राहगीरों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 45 मिनट तक आग की ऊंची उठती लपटों के बीच कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक ट्रक का अगला हिस्सा और महत्वपूर्ण सामान जलकर राख हो चुका था।

सड़क के बीचों-बीच जलते हुए ट्रक को देख राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। तमाशबीनों के कारण हाईवे पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची समान थाना पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने घटना का पंचनामा तैयार कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक रूप से कयास लगाए जा रहे हैं कि शॉर्ट सर्किट की वजह से ट्रक में आग लगी होगी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here